न्यूज डेस्क
26 May, 2025
अन्य
जावद। जावद में स्व.वीरेंद्र कुमार सखलेचा सामुदायिक भवन की फाल्स सीलिंग भरभरा कर गिर गई। अचानक फाल्स सीलिंग की छत गिरने से मौजूद लोगों में अफरा तफरी मच गई. जब यह हादसा हुआ उसके कुछ ही घंटों बाद वहाँ सामूहिक भोज का आयोजन तय था। केटरिंग और टेंट के कर्मचारी उसी आयोजन की तैयारी में लगे थे। जैसे ही सीलिंग गिरी वे लोग साईड हो गए। इससे कोई जनहानी नहीं हुई। एक छोर से गिरती हुई सीलिंग दूसरे छोर तक गिरती रही और कुछ सेकंड के लिए मजदूर बदहवास से हो गए।
कुछ देर बाद होता हादसा तो हो सकती थी जनहानी
सामुदायिक भवन को डेढ़ करोड़ रुपये की लागत से बनाया गया है। इस भवन में एक डोम है और इसी डोम की फालसिलिंग थी जो धड़धड़ा कर गिर गई। यह तो गनीमत रही की सहभोज का कार्यक्रम चालू नहीं हुआ था। यदि कुछ देर बाद चालू कार्यक्रम में यह हादसा होता तो वहाँ कई महिलाओं, पुरुषों और बच्चों की भीड़ होती तो अनर्थ हो जाता, ऐसे में जनहानी की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा सकता था.
भ्रष्टाचार के लग रहे आरोप
बहरहाल जावद में सोशल मीडिआ पर यह वीडिओ वायरल हो रहा है। इस फाल्स सीलिंग के गिरने से नगर परिषद के निर्माण और गुणवत्ता पर सवाल उठ रहे हैं। लोग निर्माण में भ्रष्टाचार के आरोप लगा रहे हैं और जिम्मेदारों के विरुद्ध कड़ी कारवाई की मांग कर रहे हैं।