डेस्क न्यूज़
07 May, 2026
अन्य
मंदसौर। जिले में नशे के सौदागरों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत शहर कोतवाली पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। आरोपी इतनी शातिर तरीके से तस्करी को अंजाम दे रहा था कि उसने अवैध मादक पदार्थों को पानी की विद्युत मोटर की बॉडी में छुपा रखा था, ताकि किसी को शक न हो सके। लेकिन पुलिस की सतर्कता के आगे उसकी चालाकी ज्यादा देर नहीं चल सकी। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 51 लाख 72 हजार रुपये से अधिक का एमडी ड्रग्स, अफीम और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही स्कूटी जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीना के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक टी.एस. सिंह बघेल एवं नगर पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र सिंह भास्कर के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी पुष्पेंद्र सिंह राठौर के नेतृत्व में शहर कोतवाली पुलिस ने यह कार्रवाई की।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक युवक स्कूटी से मंदसौर रेलवे स्टेशन क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी करने आने वाला है। सूचना में यह भी बताया गया था कि आरोपी ने बड़ी चालाकी से पानी की मोटर के अंदर एमडी ड्रग्स और अफीम छुपा रखी है ताकि तलाशी के दौरान भी कोई शक न हो।
सूचना के आधार पर पुलिस ने रेलवे स्टेशन के पास घेराबंदी कर संदिग्ध युवक को पकड़ा। पूछताछ में उसने अपना नाम इमरान पिता मीरगुल उर्फ बंटी पठान उम्र 25 वर्ष निवासी दावतखेड़ी, मंदसौर बताया। तलाशी लेने पर आरोपी के कब्जे से 500 ग्राम एमडी ड्रग्स और 500 ग्राम अफीम बरामद हुई।
पुलिस ने आरोपी के पास से एक स्कूटी, मोबाइल और विद्युत मोटर सहित कुल 51 लाख 72 हजार रुपये का मशरूका जब्त किया है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/18, 22, 29 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने मंदसौर शहर के कई अन्य लोगों के भी इस नेटवर्क से जुड़े होने की जानकारी दी है। पुलिस अब पूरे ड्रग्स नेटवर्क को खंगालने में जुट गई है और आने वाले दिनों में कई बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।