डेस्क न्यूज़
07 May, 2026
अन्य
जोधपुर | राजस्थान के जोधपुर में केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (सीबीएन) मध्यप्रदेश की टीम ने नशीली दवाइयों के बड़े नेटवर्क पर कार्रवाई करते हुए 39,250 प्रतिबंधित गोलियां जब्त की हैं। कार्रवाई में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
जानकारी के अनुसार, मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत सीबीएन मध्यप्रदेश को गुप्त सूचना मिली थी कि जोधपुर क्षेत्र में अवैध रूप से नशीली दवाइयों की सप्लाई की जा रही है। सूचना के आधार पर डीएनसी मध्यप्रदेश अंतर्गत नीमच प्रिवेंटिव टीम, नीमच द्वितीय खंड और मंदसौर प्रथम खंड के अधिकारियों की संयुक्त टीम का गठन किया गया।
टीम ने 5 मई 2026 को राजस्थान के जोधपुर जिले की लोहावट तहसील स्थित पीलवा-लोहावट चौराहे के पास इंद्राणी स्वीट्स क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी रखी। इसी दौरान दो संदिग्ध व्यक्तियों को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी में उनके पास मौजूद बैग से भारी मात्रा में प्रतिबंधित नशीली दवाइयां बरामद हुईं।
जब्त की गई गोलियों में 29,250 अल्प्राजोलाम टैबलेट्स और 10,000 ट्रामाडोल टैबलेट्स शामिल हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी इन दवाइयों को जोधपुर के आसपास ग्रामीण क्षेत्रों में अवैध बिक्री के लिए ले जा रहे थे।
सीबीएन अधिकारियों ने सभी कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए प्रतिबंधित दवाइयों को जब्त कर लिया तथा दोनों आरोपियों को एनडीपीएस अधिनियम 1985 की विभिन्न धाराओं के तहत गिरफ्तार कर लिया। मामले में आगे की जांच जारी है और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश भी की जा रही है।
सीबीएन मध्यप्रदेश ने स्पष्ट किया है कि “नशा मुक्त भारत” अभियान के तहत नशीली दवाइयों और मादक पदार्थों की अवैध तस्करी के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।