डेस्क न्यूज़
05 May, 2026
अन्य
नीमच। जिले में प्रशासन को गांव तक ले जाने की पहल के तहत कलेक्टर हिमांशु चंद्रा आज मंगलवार, 5 मई 2026 को कुकड़ेश्वर टप्पा के अनुसूचित जनजाति बाहुल्य ग्राम टामोटी में रात्रि चौपाल लगाएंगे। इस चौपाल का उद्देश्य ग्रामीणों की समस्याओं को सीधे सुनकर मौके पर ही उनका समाधान करना है, जिससे लोगों को कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
जिले में आयोजित की जा रही यह दूसरी रात्रि चौपाल है। इससे पहले 23 अप्रैल 2026 को ग्राम कोज्या में पहली रात्रि चौपाल आयोजित की गई थी, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर अपनी समस्याएं रखी थीं। टामोटी में होने वाली इस चौपाल में कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा के साथ जिला पंचायत सीईओ श्री अमन वैष्णव सहित सभी विभागों के जिला अधिकारी मौजूद रहेंगे। सभी अधिकारी ग्रामीणों की समस्याओं को सुनेंगे और संबंधित मामलों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करेंगे।
कार्यक्रम के अनुसार कलेक्टर एवं जिला अधिकारी मंगलवार को अपरान्ह 3:30 बजे कलेक्ट्रेट परिसर में एकत्रित होंगे और शाम 4 बजे एक ही बस से टामोटी के लिए रवाना होंगे। प्रशासन की यह पहल ग्रामीण क्षेत्रों में सुशासन और त्वरित सेवा पहुंचाने की दिशा में अहम कदम मानी जा रही है।
एसडीएम मनासा किरण आंजना ने क्षेत्र के ग्रामीणों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में रात्रि चौपाल में पहुंचकर अपनी समस्याएं रखें और शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ उठाएं। इस आयोजन से गांव में ही समाधान मिलने की उम्मीद के साथ ग्रामीणों में उत्साह का माहौल देखा जा रहा है।