ताजासमाचार

नीमच कलेक्टर का जावद दौरा — आंगनबाड़ी से लेकर अमृत सरोवर तक व्यवस्थाओं का लिया जायजा, दिए सख्त निर्देश

डेस्क न्यूज़ 15 April, 2026 अन्य

नीमच। कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने बुधवार को जावद क्षेत्र के दौरे के दौरान विभिन्न विकास कार्यों और व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ग्राम पंचायत खोर स्थित आदर्श आंगनबाड़ी केंद्र पहुंचकर वहां की व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने केंद्र में पंजीकृत बच्चों के संपूर्ण टीकाकरण, गर्म पका भोजन वितरण, शाला पूर्व शिक्षा गतिविधियों, बच्चों की उपस्थिति और दर्ज संख्या की जानकारी ली। इस दौरान बच्चे छोटी डाइनिंग टेबल पर बैठकर नाश्ता करते हुए दिखाई दिए, जिसे देखकर कलेक्टर ने व्यवस्थाओं पर संतोष जताया।

कलेक्टर श्री चंद्रा ने आंगनबाड़ी केंद्र परिसर में सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बाउंड्री वॉल निर्माण कराने के निर्देश ग्राम पंचायत के सरपंच को दिए। साथ ही परिसर में हरियाली बढ़ाने के उद्देश्य से गार्डन विकसित करने के निर्देश जनपद पंचायत सीईओ को दिए।

इसके बाद कलेक्टर ने ग्राम पंचायत खोर में करीब 3 लाख रुपये की लागत से तैयार किए जा रहे ‘अंकुर उपवन’ का निरीक्षण किया और वहां चल रहे पौधारोपण कार्य का अवलोकन किया।

दौरे के अगले चरण में कलेक्टर ग्राम अचलावदा पहुंचे, जहां पंचायत द्वारा निर्माणाधीन अमृत सरोवर का निरीक्षण किया। उन्होंने सरोवर का गहरीकरण करने, तालाब की पाल की ऊंचाई बढ़ाने, पाल की पिचिंग कराने और निर्माण कार्य को सुव्यवस्थित ढंग से पूरा करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।

इस दौरान जिला पंचायत सीईओ अमन वैष्णव, एसडीएम प्रीति संघवी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Related Post