ताजासमाचार

नीमच: पेट्रोल पंप की मनमानी उजागर करने पर पत्रकार से गाली गलोच और जान से मारने की धमकी, पत्रकारों ने की शिकायत दर्ज

न्यूज डेस्क 26 March, 2026 अन्य

नीमच। शहर के फिरोज शाह पेट्रोल पंप पर आम लोगों को पेट्रोल देने में की जा रही मनमानी और कथित अनियमितताओं को उजागर करने पर एक स्थानीय पत्रकार को धमकाने का मामला सामने आया है। पत्रकार संजय यादव ने इस संबंध में थाना नीमच कैंट में आवेदन देकर तीन अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ आपराधिक प्रकरण दर्ज करने की मांग की है।

क्या है पूरा मामला?
शिकायत के अनुसार, पत्रकार संजय यादव बुधवार, 25 मार्च को दशहरा मैदान स्थित मंदिर में दर्शन के बाद फिरोज शाह पेट्रोल पंप पर पेट्रोल भरवाने पहुंचे थे। वहां कर्मचारियों द्वारा उपभोक्ताओं को यह कहकर लौटाया जा रहा था कि "पेट्रोल की किल्लत है" और एक बार में केवल ₹200 का ही पेट्रोल दिया जाएगा।

जब पत्रकार ने इस संबंध में जिला प्रशासन के किसी आदेश के बारे में पूछताछ की और मैनेजर का वीडियो बनाना चाहा, तो मामला गरमा गया। पत्रकार ने तत्काल जिला आपूर्ति अधिकारी आर.एन. दिवाकर से बात की, जिन्होंने स्पष्ट किया कि कलेक्टर महोदय की ओर से पेट्रोल की सीमा तय करने का ऐसा कोई आदेश जारी नहीं किया गया है।

फोन पर दी गालियां और धमकी
घटना के बाद, जब पत्रकार ने मैनेजर के इंटरव्यू का वीडियो पत्रकार साथियों के समूह में साझा किया और खबर प्रसारित हुई, तो पेट्रोल पंप प्रबंधन में हड़कंप मच गया। आवेदन में आरोप लगाया गया है कि आज, 26 मार्च गुरुवार को दोपहर करीब 12:33 बजे, पत्रकार के पास अलग-अलग मोबाइल नंबरों (9109#45968 और 913#681852) से फोन आए।

फोन करने वालों ने पेट्रोल पंप से जुड़े होने का दावा करते हुए पत्रकार को वीडियो वायरल करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी। पत्रकार का आरोप है कि फोन पर तीन अलग-अलग लोगों ने उनके साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया, मां-बहन की गालियां दीं और कहा, "अब देखो मैं क्या करता हूं, आप मेरा बैकग्राउंड नहीं जानते, मैं आपको देख लूंगा।"

प्रशासन से कार्रवाई की मांग
पत्रकार संजय यादव ने अपने आवेदन के साथ साक्ष्य के रूप में ऑडियो रिकॉर्डिंग, मैनेजर की वीडियो रिकॉर्डिंग और पेट्रोल फिलिंग की स्लिप संलग्न की है। इस शिकायत की प्रतिलिपि जिला कलेक्टर, जिला पुलिस अधीक्षक और जिला आपूर्ति अधिकारी को भी भेजी गई है ताकि दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जा सके।

इस दौरान युवा प्रेस क्लब अध्यक्ष राकेश मालवीय, हरीश अहीर, अब्दुल अली ईरानी, तबरेज अगवान, महेश जैन, बबलू किलोरिया, विनोद गोठवाल, धीरज नायक, महेंद्र उपाध्याय, आशीष बम्ब, अविनाश जाजपुर, आनंद अहिरवार, मनीष नायक, विनोद गुर्जर, राजा कुरैशी, देव खताबिया और भावेश मारु मौजूद रहे। **

Related Post