न्यूज डेस्क
21 March, 2026
अन्य
नीमच। नीमच के कैंट थाना क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर एक हृदयविदारक हादसा सामने आया। महू-नसीराबाद हाईवे पर घसुंडी रोड स्थित प्रताप होटल के सामने एक ओवरलोड रेत से भरा ट्रैक्टर असंतुलित होकर सड़क किनारे बने नाले में जा गिरा, जिससे चालक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, दोपहर करीब 1 बजे एक महिंद्रा ट्रैक्टर रेत से भरा हुआ गुजर रहा था। अत्यधिक रेत भरे होने के कारण ट्रैक्टर का संतुलन बिगड़ गया और वह नाले में पलट गया। हादसे में ट्रैक्टर में भरी रेत चालक मुकेश गायरी (पिता बद्रीलाल गायरी), निवासी सुवाखेड़ा के ऊपर गिर गई, जिससे वह बुरी तरह दब गया।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत मदद करते हुए टोल कंपनी की एंबुलेंस को बुलाया और घायल चालक को जिला चिकित्सालय नीमच पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। यह हादसा एक बार फिर ओवरलोडिंग के खतरनाक परिणामों की ओर इशारा करता है।