डेस्क न्यूज
20 March, 2026
अन्य
नीमच | शहर के नीमच बाईपास स्थित धानुका फैक्ट्री के समीप शुक्रवार को एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया, जब सीमेंट से भरा एक ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया।
जानकारी के अनुसार ट्रक क्रमांक आरजे 09 जीडी 8936 तेज रफ्तार में चल रहा था। इसी दौरान चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया। ट्रक ने पहले सड़क किनारे खड़ी रामेश्वर बोरवेल की मशीन को जोरदार टक्कर मारी, जिसके बाद पास में खड़ी एक मोटरसाइकिल भी उसकी चपेट में आ गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रक असंतुलित होकर सड़क पर पलट गया।
हादसे के वक्त दो युवक अपनी मोटरसाइकिल खड़ी कर पास में ही किसी कार्य से रुके हुए थे, जिससे वे बाल-बाल बच गए और एक बड़ा हादसा टल गया।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आसपास मौजूद लोग और ट्रक चालक घबरा गए। हालांकि गनीमत रही कि इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। ट्रक में भरा सीमेंट सड़क पर फैल गया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। ट्रक के पलटने से कुछ समय के लिए बाईपास मार्ग पर यातायात प्रभावित रहा, जिसे बाद में सुचारू कर दिया गया।