ताजासमाचार

बच्चा चोरी की अफवाहों पर सख्त हुई नीमच पुलिस, सोशल मीडिया पर भ्रामक पोस्ट फैलाने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई

न्यूज डेस्क 02 March, 2026 अन्य

नीमच। शहर और जिले में इन दिनों सोशल मीडिया के माध्यम से बच्चा चोरी गैंग को लेकर फैलाई जा रही अफवाहों पर नीमच पुलिस ने कड़ा रुख अपनाया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नीमच शहर में अब तक बच्चा चोरी से संबंधित कोई भी घटना सामने नहीं आई है और न ही किसी गिरोह के सक्रिय होने की पुष्टि हुई है। सोशल मीडिया पर वायरल किए जा रहे पोस्ट, संदेश और वीडियो पूरी तरह निराधार, भ्रामक और तथ्यहीन हैं, जिनका उद्देश्य केवल आमजन में भय और भ्रम की स्थिति उत्पन्न करना है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे ऐसी अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति के संबंध में स्वयं कानून हाथ में लेने के बजाय तुरंत पुलिस को सूचना दें। पूर्व में देश के विभिन्न हिस्सों में बच्चा चोरी की अफवाहों के कारण निर्दोष लोगों के साथ मारपीट की घटनाएं सामने आ चुकी हैं, इसलिए सतर्क रहना बेहद जरूरी है।

पुलिस प्रशासन ने बताया कि सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सेल द्वारा विभिन्न प्लेटफॉर्म पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और भ्रामक पोस्ट प्रसारित करने वालों की पहचान की जा रही है। ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। झूठी और भ्रामक खबरें फैलाने वालों पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 163 के तहत आदेशों का उल्लंघन करने पर कार्रवाई तथा धारा 223 के तहत कानूनी प्रावधानों के अनुसार प्रकरण दर्ज किया जाएगा। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि किसी भी प्रकार की झूठी सूचना, भ्रामक वीडियो या पोस्ट को शेयर करना भी अपराध की श्रेणी में आ सकता है।

पुलिस अधीक्षक ने आमजन से अपील करते हुए कहा है कि बच्चों एवं नागरिकों की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है, लेकिन अफवाहें समाज में अनावश्यक दहशत फैलाकर कानून व्यवस्था के लिए चुनौती उत्पन्न करती हैं। इसलिए किसी भी अपुष्ट और आधारहीन खबर पर विश्वास न करें और न ही उसे आगे साझा करें। किसी भी सूचना की पुष्टि केवल आधिकारिक स्रोतों से ही करें। यदि किसी क्षेत्र में कोई संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि दिखाई दे तो तुरंत नजदीकी पुलिस थाने, पुलिस कंट्रोल रूम नीमच के फोन नंबर 07423-228000 या मोबाइल नंबर 7049101042 पर सूचना दें। समय पर दी गई जानकारी किसी भी संभावित घटना को रोकने में सहायक सिद्ध हो सकती है।

Related Post