ताजासमाचार

कनावटी की चरनोई भूमि पर ‘करोड़ों’ का खेल? कब्जे के आरोपों से गरमाई सियासत, कलेक्टर को सौंपा गया ज्ञापन

डेस्क न्यूज 24 February, 2026 अन्य

नीमच। जिला मुख्यालय से करीब दो किलोमीटर दूर ग्राम कनावटी में शासकीय चरनोई भूमि पर कथित कब्जे का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। आजाद समाज पार्टी के नेता एवं सामाजिक कार्यकर्ता ओमप्रकाश कंडारा ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर राजस्व अमले और ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों पर मिलीभगत के गंभीर आरोप लगाए हैं।

ज्ञापन के अनुसार सर्वे नंबर 665/1/2 की 3.200 हेक्टेयर चरनोई भूमि पर तहसीलदार न्यायालय द्वारा 2 मार्च 2025 को अतिक्रमण हटाने के आदेश जारी किए गए थे, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। शिकायतकर्ता का आरोप है कि यह भूमि पूर्व में आजीविका के उद्देश्य से पट्टे पर दी गई थी, परंतु बाद में राजस्व अभिलेखों में कथित हेरफेर कर इसे अवैध रूप से हस्तांतरित कर दिया गया।

ओमप्रकाश कंडारा का कहना है कि क्षेत्र में जमीनों के बढ़ते दामों को देखते हुए इस भूमि की बाजार कीमत करोड़ों रुपये आंकी जा रही है, जिसके चलते आर्थिक लाभ के उद्देश्य से कब्जा बरकरार रखा गया है। उन्होंने बताया कि 17 जनवरी 2026 को CM Helpline पर भी शिकायत दर्ज कराई गई थी, लेकिन अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई।

ज्ञापन में मांग की गई है कि चरनोई भूमि से तत्काल अतिक्रमण हटाया जाए, पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच समिति गठित की जाए और दोषी पाए जाने पर संबंधित पटवारी, राजस्व निरीक्षक, तहसीलदार एवं पंचायत प्रतिनिधियों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। 

Related Post