डेस्क न्यूज
14 February, 2026
अन्य
नीमच। शहर में विकास कार्यों की श्रृंखला को आगे बढ़ाते हुए नगर पालिका परिषद नीमच द्वारा बघाना क्षेत्र में सीवरेज परियोजना का शुभारंभ किया जा रहा है। अमृत 2.0 योजना के अंतर्गत 14 करोड़ 69 लाख रुपये की लागत से होने वाले इस महत्वपूर्ण कार्य का भूमि पूजन 15 फरवरी, रविवार को दोपहर 3 बजे अहीर व्यायाम शाला अखाड़ा नंबर 1 के समीप आयोजित किया जाएगा।
इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सांसद सुधीर गुप्ता, विधायक दिलीप सिंह परिहार, भाजपा पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ प्रदेश अध्यक्ष पवन पाटीदार तथा भाजपा जिला अध्यक्ष वंदना खंडेलवाल उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता नपाध्यक्ष स्वाति गौरव चोपड़ा करेंगी।
विशेष अतिथियों में मुख्य नगरपालिका अधिकारी श्रीमती दुर्गा बामनिया, नपा उपाध्यक्ष श्रीमती रंजना करणसिंह परमार, योजना एवं परिवहन सभापति श्रीमती कुसुम अशोक जोशी सहित सभी सभापति और पार्षदगण शामिल रहेंगे।
वार्ड क्रमांक 36 से 40 के पार्षदों ने जानकारी देते हुए बताया कि इस परियोजना के पूर्ण होने से बघाना क्षेत्र को गंदगी और जलभराव की समस्या से राहत मिलेगी तथा क्षेत्र स्वच्छ और व्यवस्थित नजर आएगा। लंबे समय से सीवरेज सुविधा की प्रतीक्षा कर रहे रहवासियों के लिए यह परियोजना बड़ी सौगात मानी जा रही है।
पार्षदगणों ने नागरिकों, जनप्रतिनिधियों एवं पत्रकारों से कार्यक्रम में उपस्थित होकर विकास कार्य के शुभारंभ को गरिमा प्रदान करने का आग्रह किया है।