डेस्क न्यूज
07 February, 2026
अन्य
नीमच। शहर के वार्ड क्रमांक 17 स्थित महावीर नगर क्षेत्र में पिछले चार दिनों से पेयजल आपूर्ति पूरी तरह बाधित है। इस गंभीर समस्या के पीछे पानी की सप्लाई से जुड़ा वाल खराब होना बताया जा रहा है। वाल की खराबी के चलते जहां क्षेत्रवासियों को एक बूंद पानी नहीं मिल पा रहा है, वहीं हजारों गैलन पानी व्यर्थ बहकर बर्बाद हो रहा है, जिससे लोगों में भारी आक्रोश व्याप्त है।
जानकारी के अनुसार बीते शुक्रवार को नगर पालिका कर्मचारियों द्वारा पूरी टंकी का पानी टंकी क्षेत्र स्थित बगीचे में बहा दिया गया। वहीं शनिवार को भी वाल खराब रहने के कारण पानी फव्वारों की तरह बाहर निकलता रहा और बड़ी मात्रा में पानी खुले मैदानों में बह गया, लेकिन वार्ड के घरों तक पानी नहीं पहुंच सका।
इस संबंध में नगर पालिका के अधिकारी नाथू सिंह ने बताया कि वाल खराब होने के कारण फिलहाल पानी की सप्लाई नहीं हो पा रही है। उन्होंने कहा कि जल्द ही वाल की रिपेयरिंग करवाई जाएगी, जिसके बाद नियमित रूप से जल आपूर्ति शुरू कर दी जाएगी।
उल्लेखनीय है कि शहर में पहले से ही एक दिन छोड़कर एक दिन पानी की सप्लाई की व्यवस्था है, जिसे नागरिकों की जरूरतों के हिसाब से अपर्याप्त माना जा रहा है। ऐसे में वाल और पाइपलाइन की खराबी के कारण कई इलाकों में तीन से चार दिनों तक पानी नहीं पहुंच रहा है। मजबूरन लोगों को टैंकरों के सहारे पानी की व्यवस्था करनी पड़ रही है।
क्षेत्रवासियों ने नगर पालिका से शीघ्र स्थायी समाधान की मांग करते हुए चेतावनी दी है कि यदि जल्द समस्या का निराकरण नहीं हुआ तो आंदोलन किया जाएगा।