ताजासमाचार

प्रेम-विवाह करने पर भाई ने जिंदा बहन का किया 'क्रियाकर्म', बारहवें की दी धूप, कराया मृत्यु भोज

न्यूज डेस्क 15 May, 2025 अन्य

नीमच। मध्य प्रदेश के नीमच जिले के बघाना में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। एक परिवार ने अपनी 19 वर्षीय बेटी को मृत मानकर उसका अंतिम संस्कार कर दिया। युवती ने अपनी पसंद के लड़के से प्रेम विवाह कर लिया था और घर लौटने से इनकार कर दिया था।

की तेरहवी, दिया मृत्यु भोज  

दरअसल, बघाना निवासी 19 वर्षीय युवती अपने प्रेमी के साथ घर से चली गई थी। परिवार ने तुरंत पुलिस में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए 13 मई को युवती को ढूंढ निकाला। हालांकि, जब पुलिस ने युवती से बात की तो उसने स्पष्ट रूप से अपने प्रेमी के साथ रहने की इच्छा जताई और घर वापस जाने से इनकार कर दिया। बेटी के इस फैसले से नाराज़ परिवार ने एक चौंकाने वाला कदम उठाया। उन्होंने अपनी जिंदा बेटी को मृत घोषित करने का फैसला कर लिया। युवती के भाई ने उसकी मृत्यु का शोक-संदेश तैयार करवाया। इस संदेश में उसकी असामयिक मृत्यु की तिथि 25 अप्रैल 2025 दर्शाई गई । परिवार ने रिश्तेदारों और परिचितों को तेरहवी की रस्म के लिए आमंत्रित किया। 14 मई, बुधवार को परिवार ने सभी अंतिम संस्कार की रस्में निभाईं। घर में युवती की तस्वीर के सामने धूप-ध्यान किया गया और शाम तक चले कार्यक्रम में रिश्तेदारों और पड़ोसियों को भोज कराया गया। इस दौरान ऐसा माहौल बनाया गया जैसे वास्तव में किसी की मृत्यु हो गई हो। 

मरा मान कर बेटी से हमेशा के लिए रिश्ता खत्म  

परिवार ने इस घटना के बाद अपनी बेटी को हमेशा के लिए त्यागने का कठोर निर्णय लिया है। यह घटना क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है और प्रेम विवाह को लेकर समाज में व्याप्त रूढ़िवादी सोच को दर्शाती है। यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि इस मामले में आगे क्या कानूनी या सामाजिक कदम उठाए जाते हैं।

Related Post