डेस्क न्यूज़
25 January, 2026
अन्य
नीमच | देश एवं प्रदेश भर में रविवार 25 जनवरी 2026 को 16वां राष्ट्रीय मतदाता दिवस समारोहपूर्वक मनाया गया। इस अवसर पर भोपाल स्थित कुशाभाऊ ठाकरे इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में एस.आई.आर. 2026 के अंतर्गत उत्कृष्ट एवं समय-सीमा में कार्य करने पर नीमच जिले को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
महामहिम राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने 16वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस के राज्य स्तरीय समारोह में नीमच जिले के कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी हिमांशु चंद्रा को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। यह सम्मान निर्वाचन संबंधी कार्यों को प्रभावी, पारदर्शी एवं समयबद्ध ढंग से संपादित करने के लिए दिया गया।
कार्यक्रम के दौरान मुख्य सचिव अनुराग जैन, मनोज श्रीवास्तव सहित कई वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। नीमच जिले को प्राप्त इस उपलब्धि से जिले के प्रशासनिक अमले में उत्साह का माहौल है और इसे लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।