ताजासमाचार

गणतंत्र दिवस समारोह में प्रभारी मंत्री निर्मला भूरिया करेंगी ध्वजारोहण, भव्य परेड की लेंगी सलामी, फुल ड्रेस फाइनल रिहर्सल संपन्न

डेस्क न्यूज़ 24 January, 2026 अन्य

नीमच। जिले में 26 जनवरी 2026 को गणतंत्र दिवस समारोह परंपरागत गरिमा, उल्लास और देशभक्ति के वातावरण में मनाया जाएगा। जिले का मुख्य समारोह शासकीय बालक उच्च माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-2, नीमच के मैदान पर आयोजित होगा। समारोह की सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। कलेक्टर हिमांशु चंद्रा के मार्गदर्शन में प्रशासन द्वारा कार्यक्रम को सुव्यवस्थित, सुरक्षित और भव्य बनाने के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं।

मुख्य समारोह में प्रदेश की महिला एवं बाल विकास मंत्री एवं जिले की प्रभारी मंत्री निर्मला भूरिया प्रातः 9.00 बजे ध्वजारोहण कर भव्य परेड की सलामी लेंगी। इसके पश्चात मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का प्रदेशवासियों के नाम गणतंत्र दिवस संदेश का वाचन किया जाएगा। समारोह में विभिन्न विभागों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सम्मानित कर पुरस्कार वितरित किए जाएंगे।

गणतंत्र दिवस के अवसर पर जिले के समस्त शासकीय कार्यालयों एवं शैक्षणिक संस्थानों में प्रातः 8.00 बजे ध्वज वंदन किया जाएगा। मुख्य समारोह में आयोजित परेड में केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल नीमच, सशस्त्र पुलिस बल, जिला पुलिस बल, वन विभाग, नगर सेनाएं, एनसीसी सीनियर डिवीजन तथा स्काउट की टुकड़ियां शामिल होंगी।

इस अवसर पर नगरपालिका, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, कृषि, आदिम जाति कल्याण, लोक निर्माण, लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, जिला पंचायत, उद्यानिकी, जल संसाधन, ग्रामीण यांत्रिकी, महिला एवं बाल विकास विभाग सहित कुल 14 विभागों द्वारा शासकीय योजनाओं और विकास गतिविधियों पर आधारित आकर्षक झांकियां प्रस्तुत की जाएंगी। वहीं विकासखंड एवं ग्राम पंचायत स्तर पर भी गणतंत्र दिवस के कार्यक्रम आयोजित होंगे और स्कूली बच्चों द्वारा प्रभात फेरियां निकाली जाएंगी।

शनिवार को शासकीय बालक उच्च माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-2 के मैदान पर गणतंत्र दिवस समारोह की फुल ड्रेस रिहर्सल (अंतिम पूर्वाभ्यास) संपन्न हुई। अपर कलेक्टर बी.एस. कलेश एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवलसिंह सिसोदिया की उपस्थिति में आयोजित रिहर्सल में सभी परेड टुकड़ियों ने अनुशासित और भव्य मार्च पास्ट प्रस्तुत किया। विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति से ओतप्रोत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं।

रिहर्सल के दौरान अपर कलेक्टर एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने परेड का निरीक्षण किया और परेड कमांडरों से परिचय प्राप्त किया। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ पराग जैन, एसडीएम संजीव साहू, नगर पालिका सीएमओ दुर्गा बामनिया सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Post