ताजासमाचार

मनमानी पर ब्रेक: बस स्टैंड पर यातायात विभाग का सख्त एक्शन, समय और परमिट से खिलवाड़ करने वाली बस जब्त, यात्रियों के हित में कार्रवाई

डेस्क न्यूज 22 January, 2026 अन्य

नीमच | नीमच शहर में बिगड़ती यातायात व्यवस्था और बस संचालकों की मनमानी पर अब प्रशासन सख्त होता नजर आ रहा है। बुधवार शाम करीब 7 बजे नीमच बस स्टैंड पर यातायात विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए परमिट शर्तों का उल्लंघन करने वाली बस को थाने में खड़ा कर दिया, जबकि नियमों का पालन करने वाली बस को यात्रियों के साथ रवाना किया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बेगम बस सर्विस की दो बसें सवारी भरकर खड़ी थीं, लेकिन तय समय पर रवाना नहीं हो रही थीं। सूचना मिलते ही यातायात थाना प्रभारी सोनू बडगुर्जर मौके पर पहुंची और बसों के दस्तावेज व परमिट की सघन जांच की।

जांच में खुली लापरवाही की पोल

जांच में सामने आया कि जिस बस का निर्धारित समय शाम 5 बजे था, वह एक घंटे से अधिक देरी से सवारी लेकर चलने की तैयारी में थी। यह सीधा-सीधा परमिट नियमों का उल्लंघन पाया गया। मौके पर यातायात विभाग ने पंचनामा तैयार किया और नियम तोड़ने वाली बस को यातायात थाने पर खड़ा कर वैधानिक कार्रवाई की गई।
वहीं दूसरी बस, जो अपने निर्धारित समय और नियमों के अनुरूप पाई गई, उसे यात्रियों के साथ तत्काल रवाना कर दिया गया।

यात्रियों की सुरक्षा और समय की कीमत

यातायात थाना प्रभारी सोनू बडगुर्जर ने स्पष्ट किया कि यह कार्रवाई यात्रियों की सुरक्षा, समयबद्ध संचालन और यातायात व्यवस्था को सुधारने के उद्देश्य से की गई है। मनमाने ढंग से बसें खड़ी कर सवारी भरना न केवल यात्रियों का समय खराब करता है, बल्कि दुर्घटनाओं की आशंका भी बढ़ाता है।

सख्त संदेश: अब लापरवाही नहीं चलेगी

यातायात विभाग ने सभी बस संचालकों को चेतावनी दी है कि निर्धारित समय और परमिट शर्तों का पालन अनिवार्य है। आगे भी नियमों की अनदेखी करने वालों पर इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Related Post