ताजासमाचार

गऊ सेवा धाम में सात दिवसीय संगीतमय श्रीमद् भागवत कथा का विधिवत समापन

डेस्क न्यूज 20 January, 2026 अन्य

नीमच। शहर के पुराने चमड़ा कारखाना क्षेत्र में स्थित गऊ नंदी सेवा धाम (गौ उपचार शाला) पर गऊ सेवा दल द्वारा आयोजित सात दिवसीय संगीतमय श्रीमद् भागवत कथा का विधिवत विश्राम हुआ। पूरे सात दिनों तक चली इस आध्यात्मिक कथा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया और धर्मलाभ अर्जित किया।

कथा का वाचन प्रतिदिन प्रसिद्ध कथावाचक एवं विद्वान पं. शंकर शास्त्री द्वारा अपने ओजस्वी और भावपूर्ण मुखारविंद से किया गया। उन्होंने श्रीमद् भागवत के विभिन्न प्रसंगों को सरल, रोचक और भावनात्मक शैली में प्रस्तुत कर श्रद्धालुओं को भक्ति रस में सराबोर कर दिया।

कथा के अंतिम दिवस पं. शंकर शास्त्री ने भगवान श्रीकृष्ण और सुदामा जी के पावन मिलन का प्रसंग विस्तारपूर्वक सुनाया। इस मार्मिक वृतांत को सुनकर श्रोतागण भावविभोर हो उठे। विशेष आकर्षण के रूप में इस प्रसंग को स्वांगधारियों द्वारा सजीव मंचन के माध्यम से भी प्रस्तुत किया गया, जिससे कथा में चार चांद लग गए। साथ ही मधुर भजनों की प्रस्तुति ने वातावरण को पूरी तरह भक्तिमय बना दिया, जिस पर श्रद्धालु झूमते नजर आए।

कथा के विश्राम अवसर पर गऊ सेवा समिति के सदस्यों द्वारा पं. शंकर शास्त्री को भगवान श्रीकृष्ण की तस्वीर भेंट कर सम्मानित किया गया। इस सात दिवसीय कथा की सबसे सराहनीय बात यह रही कि पं. शंकर शास्त्री ने बीमार एवं घायल गौवंश की सेवा के उद्देश्य से यह पूरी कथा निःशुल्क आयोजित की। इतना ही नहीं, कथा के दौरान प्राप्त समस्त दक्षिणा राशि भी उन्होंने गौवंश के उपचार हेतु गऊ सेवा समिति को समर्पित कर दी।

इस सेवा और समर्पण भाव ने आयोजन को न केवल धार्मिक रूप से, बल्कि मानवीय संवेदना का भी अनुपम उदाहरण बना दिया।

Related Post