ताजासमाचार

नीमच की बेटियों का राज्य स्तर पर परचम, जाजू कन्या कॉलेज की छात्राओं के नेतृत्व में उज्जैन विश्वविद्यालय महिला फुटबॉल में उपविजेता बना

डेस्क न्यूज 07 January, 2026 अन्य

नीमच। नीमच की होनहार बालिकाओं ने एक बार फिर खेल जगत में जिले और संभाग का नाम रोशन किया है। श्री सीताराम जाजू शासकीय कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय, नीमच की छात्राओं की सशक्त सहभागिता और कप्तानी में सम्राट विक्रमादित्य विश्वविद्यालय, उज्जैन की महिला फुटबॉल टीम ने राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए उपविजेता का गौरव हासिल किया।

मध्यप्रदेश शासन उच्च शिक्षा विभाग के खेल कैलेंडर के अंतर्गत राज्य स्तरीय महिला फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन डॉ. अवधेश प्रताप सिंह विश्वविद्यालय, रीवा द्वारा 4 से 6 जनवरी 2026 तक किया गया। प्रतियोगिता में प्रदेशभर के विश्वविद्यालयों की टीमों ने भाग लिया, जहाँ सम्राट विक्रमादित्य विश्वविद्यालय, उज्जैन की टीम ने बेहतरीन तालमेल, अनुशासन और जुझारूपन का परिचय देते हुए ऐतिहासिक प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता में उज्जैन विश्वविद्यालय का पहला मुकाबला सागर विश्वविद्यालय से हुआ। इसके बाद क्वार्टर फाइनल में छिंदवाड़ा विश्वविद्यालय के विरुद्ध खेले गए रोमांचक मैच में उज्जैन की टीम ने 1-0 से जीत दर्ज कर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। सेमीफाइनल मुकाबले में मेजबान रीवा विश्वविद्यालय के खिलाफ उज्जैन की टीम ने आक्रामक खेल दिखाते हुए 4-1 से शानदार विजय हासिल की और फाइनल में जगह बनाई।

फाइनल मुकाबला शहडोल विश्वविद्यालय के साथ खेला गया, जिसकी टीम की सभी खिलाड़ी विचारपुर क्षेत्र से थीं, जिसे “भारत का मिनी ब्राज़ील” कहा जाता है। यह मुकाबला बेहद संघर्षपूर्ण और रोमांचक रहा। उज्जैन की टीम ने अंत तक कड़ी टक्कर दी, लेकिन शहडोल विश्वविद्यालय ने 2-0 से जीत दर्ज कर खिताब अपने नाम किया। इसके साथ ही सम्राट विक्रमादित्य विश्वविद्यालय, उज्जैन की टीम राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में उपविजेता रही और उज्जैन संभाग को गौरव दिलाया।

इस उल्लेखनीय उपलब्धि में नीमच के श्री सीताराम जाजू शासकीय कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय की छात्राएं—टीम कप्तान निकिता धाकड़, हेमलता बनौधा, सजन गुर्जर, उमा बैरागी, लक्की परवानी एवं पूनम सैनी की भूमिका सराहनीय रही। वहीं स्वामी विवेकानंद शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, नीमच की प्रियल शेखावत ने भी टीम का प्रतिनिधित्व कर जिले का मान बढ़ाया।

टीम के मैनेजर डॉ. जगदीश विजयवर्गीय, प्रो. संजीव थोरेचा तथा कोच डॉ. महेंद्र राव के मार्गदर्शन में खिलाड़ियों ने यह मुकाम हासिल किया। उपविजेता टीम को रीवा सांसद जनार्दन मिश्रा द्वारा ट्रॉफी प्रदान की गई। इस सफलता पर जाजू कन्या महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. प्रतिभा कालानी सहित समस्त महाविद्यालय परिवार ने छात्राओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Related Post