डेस्क न्यूज
26 December, 2025
अन्य
नीमच। निर्वाचन प्रक्रिया को पारदर्शी और सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से शासन-प्रशासन द्वारा 4 नवंबर 2025 से संपूर्ण देश में एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) अभियान संचालित किया गया। इसी क्रम में नीमच जिले के नीमच शहर अंतर्गत वार्ड क्रमांक 15 की भाग संख्या 76 में बीएलओ एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा घर-घर जाकर नागरिकों को एसआईआर अभियान की जानकारी दी गई तथा सभी पात्र मतदाताओं के फार्म भरवाए गए। इस अभियान में शासकीय अमले के साथ सामाजिक, राजनीतिक संगठनों एवं आम नागरिकों का सराहनीय सहयोग रहा।
एसआईआर अभियान की प्रक्रिया पूर्ण होने के पश्चात शुक्रवार को केंद्र क्रमांक 76, पशु चिकित्सालय नीमच में प्रारूप मतदाता सूची का विधिवत प्रकाशन किया गया। इस अवसर पर वार्डवासी, समाजसेवी एवं राजनीतिक प्रतिनिधियों की उपस्थिति में सूची का अवलोकन कराया गया। मतदाताओं को अपने नाम, पता, आयु सहित अन्य विवरणों की जांच करने तथा किसी भी प्रकार की त्रुटि पाए जाने पर सुधार कराने की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी भी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान मतदाताओं से अपील की गई कि वे प्रारूप मतदाता सूची का अवश्य परीक्षण करें, ताकि पात्र मतदाता सूची से वंचित न रहें और अपात्र नामों को समय रहते हटाया जा सके। इससे आगामी चुनावों में निष्पक्ष और पारदर्शी मतदान सुनिश्चित किया जा सकेगा।
इस अवसर पर वार्ड क्रमांक 15 के बीएलओ राहुल बामनिया, नगरपालिका कर्मचारी एवं वार्ड प्रभारी विकास सरसवाल, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता आशा नागदा एवं ज्योति जाटव उपस्थित रहे। साथ ही भाजपा समर्थक दल के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष चंद्रशेखर जायसवार, पूर्व पार्षद विनोद बोरीवाल, पार्षद राकेश सोनकर, दयाल बोरीवाल, दीपू जायसवार, अमन जायसवार, रामवीर जायसवार सहित बड़ी संख्या में वार्डवासी एवं महिला मातृशक्ति ने सक्रिय सहभागिता कर अभियान को सफल बनाया।