ताजासमाचार

भक्ति, श्रद्धा और उल्लास में डूबी नीमच सिटी, श्री सांवलिया सेठ मंदिर में भव्य भजन संध्या का आयोजन

डेस्क न्यूज 21 December, 2025 अन्य

नीमच। श्री सांवलिया सेठ भक्त मंडल नीमच के तत्वावधान में क्षेत्र की खुशहाली, सुख-समृद्धि एवं शांति की कामना को लेकर शनिवार रात्रि श्री सांवरिया सेठ मंदिर, नीमच सिटी पर चतुर्थ भव्य भजन संध्या का आयोजन किया गया। रात्रि 8 बजे प्रारंभ हुई यह भजन संध्या देर रात तक भक्तिरस में सराबोर रही, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
भजन संध्या में इंदौर से पधारे सुप्रसिद्ध भजन गायक सावन नागदा, राजस्थान के रतनराव सिहाना एवं जयपुर की तृप्ति लड्डा ने सांवरिया सेठ और खाटू श्याम बाबा पर आधारित एक से बढ़कर एक मधुर और भावपूर्ण भजनों की प्रस्तुति दी। उनके भक्तिमय गायन ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। भजनों के दौरान श्रद्धालु झूमते हुए जयकारे लगाते नजर आए और पूरा परिसर भक्ति के रंग में रंग गया।
संगीत संगत में उमेश म्यूजिकल ग्रुप नीमच ने सुरों की सधी हुई प्रस्तुति देकर कार्यक्रम को ऊंचाई प्रदान की, वहीं शर्मा साउंड पलसोड़ा की शानदार ध्वनि व्यवस्था ने आयोजन की भव्यता को और बढ़ा दिया। इस पावन अवसर पर खाटू श्याम बाबा की अलौकिक जोत प्रज्वलित की गई तथा 56 भोग अर्पित किए गए। इत्र वर्षा एवं पुष्प वर्षा ने वातावरण को भक्तिमय और सुगंधित बना दिया।
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण सांवरिया सेठ एवं खाटू श्याम बाबा का अलौकिक दरबार रहा, जिसे सेवा नीमच श्याम सरकार द्वारा दिल्ली एवं कोलकाता से मंगवाए गए विशेष फूलों से भव्य रूप से श्रृंगारित किया गया। ड्रोन कैमरे के माध्यम से की गई पुष्प वर्षा श्रद्धालुओं के लिए अद्भुत और अविस्मरणीय दृश्य बन गई।
मनमोहक ढोल एवं डीजे की मधुर धुनों पर भक्तों का उत्साह देखते ही बन रहा था। भजन संध्या का समापन आरती एवं प्रसादी वितरण के साथ श्रद्धा और आनंद के वातावरण में संपन्न हुआ।

Related Post