डेस्क न्यूज
20 December, 2025
अन्य
नीमच। नीमच विधानसभा क्षेत्र के शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नीमच में शुक्रवार को दूर-दराज के क्षेत्रों से आने वाले विद्यार्थियों के लिए निशुल्क साइकिल वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर क्षेत्र के विधायक दिलीपसिंह परिहार ने छात्र-छात्राओं को साइकिलें प्रदान कीं, जिससे उन्हें विद्यालय समय पर पहुंचने में सुविधा मिलेगी और उनकी पढ़ाई में निरंतरता बनी रहेगी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक दिलीपसिंह परिहार ने कहा कि “साइकिल से छात्रों को रफ्तार मिलेगी और स्कूल समय पर पहुंचना आसान होगा”। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने पिछले दो वर्षों में सड़क, पेयजल, परिवहन, संदीपनि विद्यालय, चिकित्सा शिक्षा के लिए मेडिकल कॉलेज, पायलट ट्रेनिंग सेंटर, दो नए औद्योगिक क्षेत्र, नवीन कृषि उपज मंडी, भाटखेड़ा-डूंगलावदा फोरलेन सड़क निर्माण, चंबल का पानी खेतों तक पहुंचाने और 24 घंटे बिजली आपूर्ति जैसे कई महत्वपूर्ण कार्य किए हैं।
विधायक परिहार ने कहा कि समाज के सर्वहारा वर्ग के लिए लाड़ली बहना योजना, आयुष्मान योजना सहित अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ने शिक्षा के क्षेत्र में विशेष ध्यान देते हुए बेहतर स्कूल भवनों का निर्माण, पर्याप्त शिक्षकों की नियुक्ति, स्कूल ड्रेस, पाठ्य-पुस्तकें, मध्यान्ह भोजन, गांव की बेटी एवं लाड़ली बेटी छात्रवृत्ति, निशुल्क साइकिल वितरण जैसी योजनाएं लागू की हैं। साथ ही परीक्षा में अच्छे अंकों से उत्तीर्ण होने वाले विद्यार्थियों को लैपटॉप एवं स्कूटी भी प्रदान की जा रही है।
उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय स्तर पर खेलने वाले खिलाड़ियों को 10 प्रतिशत बोनस अंक देने की मांग भी मध्यप्रदेश सरकार एवं खेल मंत्री से की गई है। विधायक ने कहा कि साइकिल मिलने से छात्र-छात्राओं को न केवल समय की बचत होगी, बल्कि उनकी पढ़ाई में भी सकारात्मक बदलाव आएगा।
निशुल्क साइकिल वितरण कार्यक्रम में भाजपा जिला उपाध्यक्ष आदित्य मालू, जिला शिक्षा अधिकारी के.सी. मांगरिया, स्कूल प्राचार्य अनिल कुमार व्यास, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों के चेहरों पर साइकिल मिलने की खुशी साफ नजर आई।