ताजासमाचार

दिव्यांग बच्चों ने दिखाया सामर्थ्य, विकासखंड स्तरीय प्रतियोगिता में 86 प्रतिभाओं का शानदार प्रदर्शन

डेस्क न्यूज 18 December, 2025 अन्य

नीमच। जनपद शिक्षा केंद्र नीमच के तत्वावधान में बुधवार को स्थानीय क्रमांक-2 मैदान परिसर में विकासखंड स्तरीय दिव्यांग सामर्थ्य प्रदर्शन प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया। एकदिवसीय इस आयोजन में नीमच विकासखंड के 86 अस्थि बाधित, दृष्टिबाधित एवं मूकबधिर दिव्यांग बच्चों ने उत्साह, आत्मविश्वास और उमंग के साथ सहभागिता कर अपनी प्रतिभा का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता का माहौल बेहद प्रेरणादायी रहा, जहां बच्चों की मेहनत और जज्बे ने सभी का दिल जीत लिया।
प्रतियोगिता के अंतर्गत बच्चों के लिए दौड़, चित्रकला, चेयर रेस एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों जैसी विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। इन सभी प्रतियोगिताओं में बच्चों ने पूरे आत्मविश्वास के साथ भाग लिया। बच्चों की प्रतिभा को देखकर उपस्थित अतिथियों, शिक्षकों एवं अभिभावकों ने तालियों के साथ उनका उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम के दौरान बच्चों के चेहरों पर आत्मविश्वास और खुशी साफ झलक रही थी।
एमआरसी पार्वती मोदी ने जानकारी देते हुए बताया कि इस प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य दिव्यांग बच्चों की छिपी प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना और उनमें आत्मनिर्भरता व आत्मविश्वास का विकास करना है। उन्होंने बताया कि विकासखंड नीमच के कुल 86 दिव्यांग बच्चों ने इस प्रतियोगिता में भाग लिया, जो अपने आप में एक सराहनीय उपलब्धि है।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जिला शिक्षा अधिकारी सूजान मल मगरिया, बीईओ सत्यनारायण पवार एवं बीआरसी योगेश कंडारा उपस्थित रहे। अतिथियों द्वारा विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले बच्चों को पुरस्कार प्रदान किए गए। साथ ही प्रतियोगिता में सहभागिता करने वाले सभी 86 बच्चों को भी प्रोत्साहन स्वरूप सम्मानित किया गया। अंत में एमआरसी गोपाल यदुवंशी ने सभी अतिथियों, शिक्षकों, अभिभावकों एवं आयोजन में सहयोग करने वाले सभी व्यक्तियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

Related Post