डेस्क न्यूज
29 November, 2025
अन्य
नीमच। सकल ब्राह्मण समाज कल्याण समिति ने शुक्रवार को राज्यपाल और मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर प्रतिनिधि को ज्ञापन सौंपते हुए आईएएस अधिकारी संतोष वर्मा द्वारा सार्वजनिक मंच से समाज की बहन-बेटियों के संबंध में की गई कथित आपत्तिजनक और अशोभनीय टिप्पणियों पर तीखी आपत्ति दर्ज करवाई। समाज ने इसे नारी सम्मान पर सीधा प्रहार और सामाजिक सौहार्द को चोट पहुंचाने वाला कृत्य बताया।
समिति ने ज्ञापन में कहा कि अधिकारी की कथित टिप्पणियाँ भारतीय सामाजिक मूल्यों, संविधान प्रदत्त अधिकारों और सिविल सेवा आचरण संहिता का गंभीर उल्लंघन हैं। समाज का आरोप है कि ऐसी बातें न केवल ब्राह्मण समाज बल्कि पूरे सर्वसमाज की भावनाओं को आहत कर रही हैं और इससे सामाजिक तनाव बढ़ने की आशंका है।
समाज ने मांग की कि यह आचरण दंडनीय अपराध की श्रेणी में आता है, इसलिए संबंधित अधिकारी को तत्काल पद से बर्खास्त कर उनके विरुद्ध एफआईआर दर्ज की जाए तथा गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए। साथ ही उनकी संपत्ति की जांच कर अवैध संपत्ति पाए जाने पर कार्रवाई करने की भी मांग उठाई गई।
समाजजनों का कहना है कि यदि समय रहते प्रशासन ने ठोस कदम नहीं उठाए, तो यह घटना समाज में वैमनस्य बढ़ाकर शांत माहौल को बिगाड़ सकती है। ज्ञापन में चेतावनी दी गई कि उचित कार्रवाई न होने पर ब्राह्मण समाज और सर्वसमाज चरणबद्ध आंदोलन के लिए बाध्य होगा।
ज्ञापन कलेक्टर कार्यालय में कलेक्टर प्रतिनिधि को सौंपा गया, जहां बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।