डेस्क न्यूज
23 November, 2025
अन्य
नीमच। प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, स्वामी विवेकानंद शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, नीमच में रविवार 23 नवंबर 2025 को एनसीसी का 77वां स्थापना दिवस बड़े उत्साह, शान और अनुशासन के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. प्रशांत मिश्रा ने की।
कार्यक्रम की शुरुआत एनसीसी कैडेट्स द्वारा आकर्षक मार्च पास्ट और परेड के साथ हुई, जिसने पूरे परिसर में देशभक्ति और अनुशासन का वातावरण बना दिया। परेड का संचालन एनसीसी अधिकारी डॉ. अशोक कुमार लक्षकार ने किया।
अपने संबोधन में प्राचार्य डॉ. मिश्रा ने कहा कि एनसीसी युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व और सकारात्मक ऊर्जा का विकास करती है। यह संगठन छात्रों के लिए राष्ट्रीय चेतना और सामाजिक जिम्मेदारी का मजबूत माध्यम है।
स्थापना दिवस के तहत निबंध लेखन प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें एसडी कैडेट कन्हैया लाल तथा एसडब्ल्यू कैडेट्स सानिया नूरी खान, अर्चना, नैना, वर्षा और पायल ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्राचार्य ने सभी प्रतिभागियों को प्रोत्साहनस्वरूप उपहार प्रदान किए।
कार्यक्रम के अगले चरण में महाविद्यालय के प्राध्यापकों और एनसीसी कैडेट्स ने सामाजिक दायित्व निभाते हुए परिसर और आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता अभियान और श्रमदान किया। सभी ने स्वच्छता का संदेश देते हुए पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर जोर दिया।
इस अवसर पर प्रो. अपर्णा रे, प्रो. आशा जैन, प्रो. रचना राजोरा, प्रो. राकेश कस्वां, प्रो. सुनील कुमार, प्रो. चंदा आंजना, संजीव थोरेचा, प्रो. जितेन्द्र परिहार, प्रो. सोनू चौहान, प्रो. आभा मेघवाल, प्रो. असरार अंसारी, प्रो. कल्याण सिंह वसुनिया सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।