ताजासमाचार

नीमच के नवलपुर गांव में पानी को लेकर खूनी संघर्ष — लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से हमला, चार लोग घायल

न्यूज डेस्क 12 November, 2025 अन्य

नीमच। सिटी थाना क्षेत्र के ग्राम नवलपुर में बुधवार सुबह पानी लेने के विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। शामिलात कुवों से पानी भरने को लेकर दो पक्षों में कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। एक पक्ष ने दूसरे पर लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से हमला कर दिया। इस हमले में चार लोग घायल हुए हैं, जिनमें से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों का उपचार जिला चिकित्सालय में जारी है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम नवलपुर के सर्वे नंबर 214 और 42 पर स्थित दो शामिलात कुवे वर्षों से दोनों पक्षों के लिए सिंचाई का प्रमुख स्रोत हैं। ग्रामीणों के मुताबिक, इन कुवों से दोनों परिवार खेती की सिंचाई करते हैं, लेकिन पिछले दो वर्षों से पानी को लेकर विवाद बना हुआ है। पहले भी इस मामले में थाने और सीएम हेल्पलाइन पर शिकायतें दर्ज कराई गई थीं, लेकिन विवाद का स्थायी समाधान नहीं हो सका।
घायल पक्ष के बालमुकुंद नागदा और राधेश्याम नागदा ने बताया कि बुधवार सुबह उनका परिवार खेत में सिंचाई के लिए पानी लेने पहुंचा था। उसी समय दूसरे पक्ष के कमलेश, बंसीलाल, लक्ष्मीनारायण, दिनेश, घनश्याम और कैलाश वहां आ गए और कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोप है कि दूसरे पक्ष ने लाठी-डंडों व धारदार हथियारों से हमला कर दिया।
इस हमले में कन्हैयालाल (55) के सिर में गंभीर चोट आई, जबकि राधेश्याम (32) के हाथ पर धारदार हथियार से गहरी चोट लगी। वहीं बालमुकुंद (39) और प्रेमसुख (48) को भी चोटें आई हैं। चारों को जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है।
घायल पक्ष ने आरोप लगाया है कि प्रशासनिक लापरवाही के कारण यह स्थिति उत्पन्न हुई। उनका कहना है कि तहसीलदार प्रेमशंकर पटेल और पटवारी महेंद्र सिंह सिसोदिया ने मामले में एकतरफा कार्रवाई करते हुए बिना दोनों पक्षों की सुनवाई के ही कागज अधूरे बताते हुए विवाद निराकृत कर दिया, जिससे विरोधी पक्ष को बढ़ावा मिला।
इस पर जब पटवारी महेंद्र सिसोदिया से बात की गई तो उन्होंने सभी आरोपों को खारिज करते हुए कहा — यह विवाद तहसील न्यायालय में प्रचलित था। न्यायालय से आदेश प्राप्त होने के बाद ही मौका पंचनामा तैयार कर रिपोर्ट प्रस्तुत की गई थी। हमारे द्वारा किसी प्रकार की साठगांठ नहीं की गई, सभी कार्य न्यायालय के निर्देशानुसार किए गए हैं।

Related Post