ताजासमाचार

सरदार पटेल जयंती पर नीमच पुलिस ने दिखाई एकता की मिसाल, निकाली ‘रन फॉर यूनिटी

डेस्क न्यूज़ 31 October, 2025 अन्य

नीमच। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर शुक्रवार सुबह नीमच पुलिस द्वारा ‘रन फॉर यूनिटी’ का भव्य आयोजन किया गया। एकता और देशभक्ति के नारों से शहर गूंज उठा। कार्यक्रम की शुरुआत पुलिस कंट्रोल रूम से हुई, जहां पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल ने उपस्थित पुलिस अधिकारी, कर्मचारी, पुलिस अकादमी के छात्र-छात्राओं और नागरिकों को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई।

इसके बाद एसपी जायसवाल ने हरी झंडी दिखाकर दौड़ को रवाना किया। यह दौड़ कंट्रोल रूम से प्रारंभ होकर फव्वारा चौक, कमल चौक, गायत्री मंदिर रोड, टीवीएस और मेसी शोरूम चौराहा होते हुए पुनः कंट्रोल रूम पर संपन्न हुई। दौड़ में एएसपी नवल सिंह सिसोदिया, सीएसपी किरण चौहान सहित पुलिस विभाग के अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में नागरिकों ने भाग लिया।

इस अवसर पर एसपी अंकित जायसवाल ने कहा कि — 31 अक्टूबर को हम सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती को राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाते हैं। पुलिस विभाग द्वारा परेड, शपथ और ‘रन फॉर यूनिटी’ के माध्यम से हम देश की एकता और अखंडता के प्रति नागरिकों में जागरूकता लाना चाहते हैं।

उन्होंने कहा कि सरदार पटेल का जीवन पूरे देश को एक सूत्र में पिरोने की प्रेरणा देता है, और इस दौड़ का उद्देश्य भी यही है कि हर नागरिक एकता, समरसता और देशभक्ति के भाव को अपने जीवन में अपनाए।

Related Post