ताजासमाचार

चौकीदार भर्ती में अनियमितता का आरोप, ग्रामीणों ने कलेक्टर से की निष्पक्ष चयन की मांग

डेस्क न्यूज़ 15 October, 2025 अन्य

नीमच। ग्राम पंचायत दाता के अंतर्गत आने वाले ग्राम अमरपुरा (संग्रामपुरा), धर्मपुरा, खेजड़ी, टोलखेड़ी और मान्या खेड़ी में चौकीदार की नियुक्ति को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। ग्रामीणों ने जनप्रतिनिधियों पर पद का दुरुपयोग कर बाहरी व्यक्ति की अनुचित नियुक्ति का आरोप लगाते हुए मंगलवार को कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर जनसुनवाई में शिकायत दर्ज कराई।

ग्रामीणों का कहना है कि संबंधित गांवों में कई योग्य और बेरोजगार युवा होने के बावजूद, पंचायत स्तर पर पारदर्शिता का उल्लंघन करते हुए अन्य ग्राम के व्यक्ति को चौकीदार नियुक्त कर दिया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि चयन प्रक्रिया में तैयार किया गया पंचनामा, जारी विज्ञप्ति और योग्यता से संबंधित दस्तावेजों में गंभीर अनियमितताएं की गई हैं।

इस संबंध में पूर्व में एसडीएम मनासा को भी शिकायत प्रस्तुत की गई थी, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है, जिससे ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।

ग्रामीणों ने कलेक्टर से मांग की है कि अमरपुरा सहित अन्य ग्रामों में की गई गलत नियुक्तियों को तत्काल निरस्त किया जाए तथा नई विज्ञप्ति जारी कर पात्र स्थानीय युवाओं से आवेदन आमंत्रित किए जाएं। साथ ही, उन्होंने मांग की कि चयन प्रक्रिया पूरी तरह से पारदर्शी, निष्पक्ष और मेरिट आधारित होनी चाहिए, ताकि योग्य युवाओं को न्याय मिल सके और स्थानीय बेरोजगारी की समस्या कुछ हद तक कम हो सके।

Related Post