ताजासमाचार

नीमच में चोरों का तांडव जारी: अब वकील के सूने मकान को बनाया निशाना, एक हफ्ते में चार वारदातें , शहर बनता जा रहा, चोरों का गढ़

न्यूज डेस्क 29 September, 2025 अन्य

नीमच। शहर में चोरों का दुस्साहस इस कदर बढ़ चुका है कि अब कानून के रक्षक भी असहाय नजर आने लगे हैं। दो दिन पहले ही तीन अलग-अलग इलाकों में हुई चोरी की घटनाओं की गुत्थी सुलझी भी नहीं थी कि रविवार को एक और वारदात ने पुलिस प्रशासन की नींद उड़ा दी। इस बार चोरों ने शिक्षक कॉलोनी स्थित अधिवक्ता सुरेंद्र पटवा के सूने मकान को अपना निशाना बनाया।

मकान सूना पाकर चोरों ने मचाया तांडव

मिली जानकारी के अनुसार, अधिवक्ता सुरेंद्र पटवा अपने परिवार के साथ शुक्रवार शाम नीमच से बाहर घूमने निकले थे। रविवार रात करीब 10 बजे उन्होंने अपने छोटे भाई राजेश पटवा को कॉल कर घर देखने को कहा। मैन गेट तो सुरक्षित मिला, लेकिन जब पीछे की गली से देखा गया, तो वहां का दरवाज़ा खुला हुआ था।

चोर पीछे के रास्ते से लकड़ी का दरवाज़ा तोड़कर अंदर घुसे और पूरे घर की तलाशी ली। अलमारियों के ताले तोड़े गए, कपड़े और सामान बिखेरे गए और सोने के आभूषणों की डिब्बियाँ खाली पाई गईं। यहां तक कि तिजोरी के भी ताले तोड़ दिए गए। अनुमान है कि घर से नगदी और कीमती जेवरात चोरी हुए हैं, हालांकि मकान मालिक के बाहर होने के कारण अभी चोरी गए सामान का पूरा आकलन नहीं हो सका है।

डॉग स्क्वॉड भी मौके पर, लेकिन हाथ खाली

चोरी की सूचना पर पुलिस व डॉग स्क्वॉड मौके पर पहुंचा और जांच शुरू की। डॉग स्क्वॉड ने जहां-जहां सामान बिखरा मिला, वहां से चोरों की गंध को ट्रेस करने की कोशिश की, लेकिन कुत्ता कुछ दूरी पर जाकर रुक गया, जिससे स्पष्ट दिशा नहीं मिल सकी।

दिनदहाड़े चोरी की आशंका

छोटे भाई राजेश पटवा के अनुसार, उन्होंने रविवार सुबह मकान को सामान्य स्थिति में देखा था। इससे संभावना जताई जा रही है कि यह वारदात दिन के समय ही अंजाम दी गई हो, जब आस-पास के लोग अपने काम में व्यस्त होते हैं।


कहीं नीमच चोरों का 'सेफ ज़ोन' तो नहीं बनता जा रहा?

लगातार हो रही चोरी की वारदातें अब यह सवाल खड़ा कर रही हैं कि क्या नीमच पुलिस की रात्रि गश्त और निगरानी व्यवस्था विफल हो चुकी है? एक सप्ताह में चार चोरियों के बावजूद कोई ठोस सुराग न मिल पाना, आने वाले समय के लिए खतरे की घंटी है।

Related Post