ताजासमाचार

नीमच में एडीजी उमेश जोगा और डीआईजी निमिष अग्रवाल का दौरा,त्योहारी सीजन को लेकर कानून-व्यवस्था की समीक्षा, पुलिस थानों का निरीक्षण

न्यूज डेस्क 25 September, 2025 अन्य

नीमच। उज्जैन जोन के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक उमेश जोगा और रतलाम रेंज के पुलिस उप महानिरीक्षक निमिष अग्रवाल तीन दिवसीय दौरे पर 24 सितंबर 2025 को नीमच पहुंचे। आगामी महाअष्टमी और दशहरे के मद्देनज़र उन्होंने जिले में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में जिले के सभी राजपत्रित पुलिस अधिकारियों और थाना प्रभारियों को निर्देशित किया गया कि नवरात्रि स्थापना स्थलों और गरबा पंडालों में CCTV कैमरे अनिवार्य रूप से लगाए जाएं। साथ ही, इन स्थलों पर 24 घंटे वालंटियर्स की उपस्थिति सुनिश्चित की जाए। विवाद संभावित स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाए और किसी भी स्थिति में तुरंत बल मौके पर पहुंचे। इसके अलावा, गरबा स्थलों और हॉट स्पॉट क्षेत्रों में ‘निर्भया मोबाइल’ की लगातार गश्त सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। 25 सितंबर को एडीजी उमेश जोगा और डीआईजी निमिष अग्रवाल ने अनुभाग मनासा के थाना मनासा, कुकड़ेश्वर और रामपुरा का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान हवालात की साफ-सफाई, रोशनदान बंद करने, शौचालय की स्थिति सुधारने और CCTV कैमरों को लगातार सक्रिय रखने के निर्देश दिए गए। साथ ही, थानों में दर्ज अपराधों की जांच और त्वरित निराकरण के लिए थाना प्रभारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। मनासा अनुभाग के थानों के निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल समेत अन्य पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Post