डेस्क न्यूज़
24 September, 2025
अन्य
नीमच। नेशनल स्किल डेवलपमेंट कॉरपोरेशन के तहत बुधवार को शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जमुनिया कला की कक्षा 9वीं और 11वीं की करीब 31 छात्राएँ नवीन व्यावसायिक शिक्षा के अंतर्गत औद्योगिक भ्रमण पर नीमच दानागली स्थित सिनिक ब्यूटी पार्लर पहुँचीं। यहाँ छात्राओं ने ब्यूटी पार्लर से जुड़ी विभिन्न तकनीकें और सेवाएँ सीखकर आत्मनिर्भर बनने की दिशा में कदम बढ़ाया।औद्योगिक भ्रमण के दौरान छात्राओं को पार्लर में हेयर कटिंग,आईब्रो,चेहरे की मसाज सहित अन्य ब्यूटी से संबंधित कार्यों का प्रशिक्षण दिया गया। इस दौरान छात्राओं ने न सिर्फ पार्लर का वास्तविक अनुभव प्राप्त किया बल्कि स्व-रोजगार की संभावनाओं को भी समझा।व्यावसायिक शिक्षा की प्रभारी शिक्षिका अनिता राठौर ने जानकारी देते हुए बताया कि नेशनल स्किल डेवलपमेंट कॉरपोरेशन का मुख्य उद्देश्य बच्चों को शिक्षा के साथ-साथ व्यावसायिक प्रशिक्षण देना है, ताकि वे भविष्य में पढ़ाई पूरी करने के बाद स्वयं का व्यवसाय शुरू कर आत्मनिर्भर बन सकें। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के औद्योगिक भ्रमण से छात्राओं का आत्मविश्वास बढ़ता है और वे नई दिशा में अपने करियर की संभावनाएँ तलाश पाती हैं।पार्लर संचालक सुनीता जोशी ने भी छात्राओं का मार्गदर्शन किया। उन्होंने बताया कि एक दिवसीय प्रशिक्षण के दौरान सभी 31 छात्राओं ने ब्यूटी पार्लर से जुड़े कार्यों में गहरी रुचि दिखाई और प्रायोगिक तौर पर विभिन्न प्रक्रियाएँ सीखीं। सुनीता जोशी का कहना था कि इस तरह की पहल से बेटियों को रोजगार का नया रास्ता मिलेगा और वे समाज में स्वावलंबी बनकर अपनी पहचान बना पाएँगी।इस औद्योगिक भ्रमण ने छात्राओं को नई ऊर्जा और प्रेरणा दी। छात्राओं ने भी उत्साहपूर्वक कहा कि यह प्रशिक्षण उनके जीवन में उपयोगी साबित होगा और आगे चलकर वे भी स्वरोजगार के माध्यम से आत्मनिर्भर भारत की परिकल्पना को साकार करने में योगदान देंगी।