डेस्क न्यूज़
24 September, 2025
अन्य
नीमच | जीरन थाना क्षेत्र के जयप्रकाश नगर में मंगलवार देर रात एक 20 वर्षीय युवक द्वारा जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या करने की दर्दनाक घटना सामने आई। युवक की पहचान प्रह्लाद धानुक पुत्र श्यामलाल धानुक, के रूप में हुई है। परिजनों ने युवक को गंभीर अवस्था में जिला चिकित्सालय पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने देर रात लगभग 12:30 बजे उसे मृत घोषित कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार युवक ने कीटनाशक का सेवन किया था। आत्महत्या का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है और परिजन भी इस संबंध में कुछ बताने की स्थिति में नहीं हैं। युवक की मौत के बाद परिवार में शोक का माहौल है।
बुधवार सुबह कैंट थाना पुलिस द्वारा शव का पोस्टमार्टम कराया गया और शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। मामले के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि आत्महत्या के पीछे के कारणों का पता लगाने के लिए परिजनों व परिचितों से पूछताछ की जाएगी।