डेस्क न्यूज़
22 May, 2026
अन्य
नीमच। जिले के कुकडेश्वर-मनासा मार्ग पर गुरुवार रात बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। गोटा पिपलिया पुलिया के पास किराना सामग्री से भरी एक लोडिंग गाड़ी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गहरी खाई में जा गिरी। राहत की बात यह रही कि वाहन में सवार सभी लोगों को ग्रामीणों की मदद से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और कोई जनहानि नहीं हुई।
जानकारी के अनुसार मंडावरा ट्रांसपोर्ट की लोडिंग गाड़ी किराना सामग्री लेकर गुजर रही थी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक वाहन तेज रफ्तार में था। गोटा पिपलिया पुलिया के समीप चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और गाड़ी सीधे खाई में जा गिरी।
हादसे के दौरान सड़क पर अन्य कोई वाहन या राहगीर मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू कर वाहन में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला।
सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और चालक द्वारा नियंत्रण खोना हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है।