ताजासमाचार

महावीर जन्म कल्याणक महोत्सव पर भव्य रथ यात्रा, धर्मसभा में उमड़े श्रद्धालु

न्यूज डेस्क 10 April, 2025 सामाजिक

महावीर जन्म कल्याणक महोत्सव के अवसर पर नीमच में भव्य रथ यात्रा एवं धर्मसभा का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। आयोजन श्री जैन श्वेतांबर भीड़भंजन पार्श्वनाथ मंदिर ट्रस्ट, दिगंबर जैन समाज, श्री वर्धमान जैन स्थानकवासी संघ सहित सकल जैन समाज के तत्वावधान में हुआ।

धर्मसभा में ध्यान कीर्ति विजय जी महाराज ने कहा कि जीवदया के बिना आत्मा का कल्याण संभव नहीं है। उन्होंने रात्रिभोजन त्याग, सम्यक दर्शन व चरित्र पालन को मोक्ष का मार्ग बताया। साध्वी अमिदर्शा श्री जी ने कहा कि महावीर ने करुणा का संदेश दिया, जिसका पालन कर हम भी मोक्ष मार्ग को पा सकते हैं। उन्होंने लिपस्टिक त्याग व सादगीपूर्ण जीवन को महावीर के आदर्शों से जोड़ा।

पूर्व मंत्री ओमप्रकाश सकलेचा ने कहा कि धर्म से विज्ञान उपजता है, धर्म से ही मानव जीवन का कल्याण संभव है। श्री संघ अध्यक्ष अनिल नागौरी ने स्वामी वात्सल्य में 11 खाद्य सामग्री बनाने के निर्णय की जानकारी दी।

रथ यात्रा भीड़भंजन पार्श्वनाथ मंदिर से प्रारंभ होकर शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए मिडिल स्कूल ग्राउंड पर धर्मसभा में परिवर्तित हुई। श्रद्धालु सफेद वस्त्रों व महिलाएं केसरिया-लाल साड़ियों में शामिल हुईं। मार्ग में विभिन्न संगठनों द्वारा भव्य स्वागत व पेयजल वितरण किया गया। महावीर स्वामी की चांदी की प्रतिमाएं तीन रथों में विराजमान थीं।

कार्यक्रम में साध्वी अमीपूर्णा श्री जी, मृदृपूर्णा श्री जी, जिंनार्गपूर्णा श्री जी सहित अनेक साध्वियों का सान्निध्य प्राप्त हुआ। संचालन मनीष कोठारी ने किया। समाज के गणमान्यजनों की उपस्थिति में धर्मसभा संपन्न हुई।

Related Post