ताजासमाचार

नीमच जिले में पहली बार पितृ अमावस्या पर मृत गोवंश की आत्मा की शांति हेतु तर्पण अनुष्ठान का हुआ आयोजन

डेस्क न्यूज़ 22 September, 2025 अन्य

नीमच। पितृ अमावस्या के पावन अवसर पर रविवार को नीमच जिले में एक अनूठा और प्रेरणादायी आयोजन हुआ। गौ सेवा समिति नीमच के तत्वावधान में गऊ नंदी सेवा धाम उपचार शाला पर मृत गोवंश, नंदी बाबा एवं पूर्वजों की आत्मा की शांति के लिए विशेष तर्पण अनुष्ठान आयोजित किया गया। उल्लेखनीय है कि जिले में इस प्रकार का आयोजन पहली बार किया गया, जिसने गौभक्तों और धार्मिकजनों को एक नई दिशा और प्रेरणा प्रदान की।इस पवित्र अनुष्ठान का विधिविधान पंडित शंकर शास्त्री के सान्निध्य और मार्गदर्शन में निशुल्क सम्पन्न हुआ। समिति का उद्देश्य था कि जिन गौमाताओं का अकाल निधन हुआ है, उन्हें धार्मिक विधियों के माध्यम से श्रद्धांजलि अर्पित कर उनकी आत्मा को शांति प्रदान की जा सके। कार्यक्रम में भक्तों, समाजसेवकों और समिति के सक्रिय कार्यकर्ताओं ने सहभागिता की और सामूहिक रूप से श्रद्धा सुमन अर्पित किए।
गऊ सेवा समिति के सदस्य मितेश अहीर और पार्थ जोशी ने बताया कि पितृ अमावस्या का यह आयोजन न केवल पूर्वजों के लिए तर्पण करने का अवसर रहा बल्कि पहली बार मृत गोवंश के लिए भी सामूहिक तर्पण किया गया। उन्होंने कहा कि सामान्यत: मनुष्य की मृत्यु के बाद परिजन तर्पण करते हैं, किंतु गोमाता के लिए इस प्रकार का आयोजन अब तक जिले में नहीं हुआ था। यह पहला प्रयास है, जिसे आने वाले समय में और अधिक भव्य स्वरूप देने का संकल्प लिया गया है। समिति का लक्ष्य है कि यह आयोजन निरंतर परंपरा का रूप ले और गो सेवा की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो।
पंडित शंकर शास्त्री ने तर्पण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि अमावस्या का दिन शास्त्रों में सर्वपितृ अमावस्या के रूप में वर्णित है। इस दिन पूर्वजों की आत्मा की तृप्ति हेतु तर्पण किया जाता है। उन्होंने बताया कि जब कोई जीव मनुष्य योनि से मुक्त होता है तो उसे 84 लाख योनियों में भटकना पड़ता है, जिनमें गौ माता की योनि भी सम्मिलित है। इसलिए संभव है कि हमारे ही पूर्वज किसी समय गोवंश योनि में रहे हों। ऐसे में मृत गोमाता के लिए किया गया तर्पण वास्तव में पूर्वजों की आत्मा की तृप्ति का भी माध्यम है।
उन्होंने यह भी कहा कि शास्त्रों के अनुसार यदि गौशाला में कोई धार्मिक कार्य – चाहे दान हो, हवन हो, जप हो या तर्पण – किया जाता है तो उसका फल हजार गुना अधिक प्राप्त होता है। यही कारण है कि गौ सेवा समिति द्वारा आयोजित यह तर्पण कार्यक्रम न केवल धार्मिक दृष्टि से श्रेष्ठ है, बल्कि समाज को भी नई चेतना और संस्कार देने वाला है।इस आयोजन को लेकर उपस्थित जनों ने समिति के प्रयास की सराहना की। मृत गोवंश के लिए तर्पण जैसे अद्वितीय प्रयास ने समाज में गौमाता के प्रति श्रद्धा और सेवा की भावना को और गहरा किया। निश्चित ही यह आयोजन भविष्य में भी गौ सेवा और समाज में नैतिक मूल्यों के संवर्धन की प्रेरणा बनकर सामने आएगा।

Related Post