ताजासमाचार

मनासा में तीन दिवसीय संभाग केसरी कुश्ती दंगल की शुरुआत पहलवानो के वेट से, कल से प्रतियोगिता प्रारंभ

डेस्क न्यूज 13 June, 2025 अन्य

मनासा। मंदिरों की नगरी मनासा में शुक्रवार से तीन दिवसीय संभाग केसरी कुश्ती एवं वेट चेम्पियन प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ हुआ। आयोजन इण्डियन स्टाईल कुश्ती संघ एवं श्री पंचमुखी बजरंग व्यायाम शाला मनासा के संयुक्त तत्वावधान में कृषि उपज मंडी परिसर में किया गया। संघ के जिला संरक्षक नारायण सोमानी जावद, अध्यक्ष लाला भाई चौहान मनासा, सचिव उस्ताद घीसालाल भेरावत जावद एवं अखाड़ा उस्ताद गुड्डु भाई ग्वाला मनासा ने जानकारी देते हुए बताया कि पहले दिन नीमच जिले एवं बाहर से आए 40 से 65 किलो तथा 65 किलो से अधिक वजनी पहलवानों का वजन कराया गया।

वेट के अनुसार पहलवान कुश्ती दंगल में भाग लेंगे। 65 किलो से अधिक वजन वर्ग के पहलवान संभाग केसरी व ओपन केसरी प्रतियोगिता में उतरेंगे। विजेताओं को नगद पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे, जिसमें प्रथम पुरस्कार 21,000/-,  द्वितीय 11,000/- तथा तृतीय 5,000/- रुपये का नकद पुरस्कार शामिल है।

विभिन्न वेट कैटेगरी के विजेता और उपविजेताओं को भी पुरस्कृत किया जाएगा। संरक्षक नारायण सोमानी ने बताया कि निर्णायक मंडल का निर्णय अंतिम और सर्वमान्य रहेगा। उन्होंने क्षेत्रवासियों, कुश्ती प्रेमियों, सामाजिक संगठनों और खेलप्रेमियों से आयोजन में उपस्थित होकर प्रतियोगिता को सफल बनाने की अपील की है। मनासा में आयोजित इस कुश्ती महादंगल को लेकर क्षेत्र में उत्साह का वातावरण है।

Related Post