डेस्क न्यूज़
23 May, 2026
अन्य
नीमच। जिले में शासकीय राशन की कालाबाजारी और अवैध संग्रहण के खिलाफ प्रशासन लगातार सख्त कार्रवाई कर रहा है। इसी क्रम में मनासा के भाटखेड़ी नाका क्षेत्र में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) के फोर्टिफाइड चावल का अवैध संग्रहण पाए जाने पर तीन दुकानदारों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।
कलेक्टर हिमांशु चंद्रा के निर्देश एवं अपर कलेक्टर बी.एस. कलेश के आदेश के पालन में कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी जितेन्द्र नागर द्वारा थाना मनासा में मामला दर्ज कराया गया।
जानकारी के अनुसार 6 अप्रैल 2026 को अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) किरण आंजना के निर्देश पर नायब तहसीलदार रूपसिंह राजपूत एवं कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी द्वारा भाटखेड़ी नाका स्थित अनाज दुकानों का औचक निरीक्षण किया गया था। जांच के दौरान दुकानों में शासकीय उचित मूल्य दुकानों से वितरित किए जाने वाले पीडीएस के फोर्टिफाइड चावल का अवैध संग्रहण पाया गया।
कार्रवाई के दौरान विशाल पिता अशोक राठौड़ के यहां से 297 किलो, लक्की पिता दिलीप सोनी के यहां से 40 किलो तथा रवि पिता भारत लोहार के यहां से 275 किलो शासकीय चावल जब्त किया गया। जांच टीम को मौके पर किसी भी प्रकार के वैध दस्तावेज, अभिलेख या खरीद-बिक्री संबंधी बिल प्रस्तुत नहीं किए गए।
प्रशासन के अनुसार यह कृत्य म.प्र. सार्वजनिक वितरण प्रणाली नियंत्रण आदेश 2015 की कंडिका 13(1) एवं 13(2) का उल्लंघन है, जो आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 3/7 के अंतर्गत दंडनीय अपराध की श्रेणी में आता है।
प्रशासन ने साफ किया है कि शासकीय राशन की कालाबाजारी, अवैध विक्रय और हेराफेरी करने वालों के खिलाफ आगे भी लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।