ताजासमाचार

अग्रवाल समाज के बच्चों ने सीखी आत्मरक्षा की कला, 15 दिवसीय जूडो-कराते समर कैंप का भव्य समापन

डेस्क न्यूज़ 17 May, 2026 अन्य

नीमच। अग्रवाल समाज द्वारा संचालित बाल संस्कार शाला के तत्वावधान में आयोजित 15 दिवसीय जूडो, कराते एवं मार्शल आर्ट आत्मरक्षा प्रशिक्षण समर कैंप का शनिवार को भव्य समापन हुआ। यह शिविर 1 मई से 16 मई 2026 तक अग्रवाल पंचायत भवन बारादरी में आयोजित किया गया, जिसमें समाज के बालक-बालिकाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

बाल संस्कार शाला की संयोजिका लता गर्ग और निर्मला अग्रवाल ने बताया कि शिविर के पहले दिन बाल कौशल प्रशिक्षण कार्यक्रम भी आयोजित किया गया, जिसमें बच्चों ने गणेश वंदना, गायत्री मंत्र, लघु नाटिका, गेम्स और विभिन्न सांस्कृतिक गतिविधियों में हिस्सा लिया।

इसके बाद प्रतिदिन सुबह 8:30 से 10 बजे तक बच्चों को जूडो, कराते और आत्मरक्षा का प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण के लिए नीमच के वरिष्ठ प्रशिक्षक भरतसिंह कुमावत ब्लैक बेल्ट प्रथम डिग्री, मध्यप्रदेश टीम कोच एवं मार्शल आर्ट मास्टर ट्रेनर सहित जय कुमावत और खुबी देपन की सेवाएं ली गईं।

समापन समारोह में अग्रवाल समाज अध्यक्ष ओमप्रकाश बंसल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत महाराजा अग्रसेन के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इसके बाद बच्चों ने जूडो-कराते और मार्शल आर्ट का शानदार प्रदर्शन कर सभी का मन मोह लिया।

अपने संबोधन में अध्यक्ष ओमप्रकाश बंसल ने कहा कि इस तरह के शिविर बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास के लिए बेहद जरूरी हैं। इससे बच्चे मोबाइल से दूर रहकर अनुशासन, आत्मविश्वास और आत्मरक्षा की कला सीखते हैं। उन्होंने कहा कि यह प्रशिक्षण भविष्य में कठिन परिस्थितियों में बच्चों के लिए बेहद उपयोगी साबित होगा।

कार्यक्रम में प्रशिक्षकों भरतसिंह कुमावत, जय कुमावत और खुबी देपन का सम्मान भी किया गया। अंत में लता गर्ग ने बाल संस्कार शाला का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया और बच्चों को कविता के माध्यम से आशीर्वाद दिया। कार्यक्रम का संचालन सावित्री सिंहल एवं आभार प्रदर्शन ममता गर्ग द्वारा किया गया।

Related Post