ताजासमाचार

CBN की बड़ी रेड के बाद मंदसौर पुलिस में हड़कंप, कचनारा चौकी प्रभारी समेत तीन पुलिसकर्मी सस्पेंड

डेस्क न्यूज़ 09 May, 2026 अन्य

मंदसौर। जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (CBN) की बड़ी कार्रवाई के बाद अब पुलिस विभाग में भी जबरदस्त हलचल मच गई है। दलौदा थाना क्षेत्र की कचनारा चौकी में सामने आई लापरवाही पर मंदसौर एसपी विनोद कुमार मीणा ने सख्त रुख अपनाते हुए चौकी प्रभारी पूर्णिमा सिरोहिया, सउनि युसूफ मंसूरी और आरक्षक अर्जुन सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

दरअसल, 8 मई को CBN की टीम ने कचनारा-लसुड़ियाइला क्षेत्र में दबिश देकर भारी मात्रा में अवैध एमडी ड्रग्स जब्त की थी। इस कार्रवाई ने स्थानीय पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए। मामले को बेहद गंभीर मानते हुए एसपी ने जारी आदेश में साफ कहा कि बार-बार निर्देश दिए जाने के बावजूद संबंधित पुलिसकर्मियों द्वारा क्षेत्र में न तो प्रभावी सूचना तंत्र विकसित किया गया और न ही मादक पदार्थों की गतिविधियों पर कोई ठोस कार्रवाई की गई।

एसपी ने अपने आदेश में यह भी उल्लेख किया कि किसी बाहरी एजेंसी द्वारा क्षेत्र में इतनी बड़ी कार्रवाई किया जाना स्थानीय पुलिस की संदिग्ध कार्यप्रणाली और घोर लापरवाही को दर्शाता है। यही वजह रही कि तीनों पुलिसकर्मियों पर तत्काल अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए उन्हें रक्षित केंद्र (पुलिस लाइन) मंदसौर संबद्ध कर दिया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए ग्रामीण अनुविभागीय अधिकारी को पांच दिनों के भीतर विस्तृत जांच रिपोर्ट सौंपने के निर्देश भी दिए गए हैं। इस कार्रवाई के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मचा हुआ है और पूरे जिले में यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।

Related Post