ताजासमाचार

ओसवाल समाज का भव्य मिलन : संस्कार, एकता और विकास पर हुआ मंथन

डेस्क न्यूज़ 04 May, 2026 अन्य

नीमच। शहर में श्री ओसवाल साजनान लोढ़ा साथ परमार्थिक ट्रस्ट के तत्वावधान में मिडिल स्कूल मैदान स्थित जैन भवन के पास रविवार को ओसवाल समाज की साधारण सभा एवं पंचम मिलन समारोह हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में समाजजन की बड़ी संख्या में भागीदारी रही और सामाजिक एकता, संस्कार एवं विकास जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए अखिल भारतवर्षीय साधुमार्गी जैन श्रावक संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष नरेंद्र गांधी ने कहा कि धार्मिक संस्कारों के बिना समाज में एकता संभव नहीं है। उन्होंने बच्चों को शिक्षा के साथ धर्म और संस्कारों का ज्ञान देने पर विशेष जोर देते हुए कहा कि धार्मिक पाठशालाएं और शिविर उन्हें सही दिशा देते हैं, जिससे वे भविष्य में जिम्मेदार और राष्ट्रभक्त नागरिक बनते हैं। उन्होंने जैन धर्म को समाज की अमूल्य धरोहर बताते हुए इसके संरक्षण की आवश्यकता पर बल दिया।

मुख्य अतिथि सत्येंद्र प्रकाश मेहता (उदयपुर) ने आधुनिक दौर में ई-समाचार पत्रिका की बढ़ती आवश्यकता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि यदि समाज के 650 परिवार एकजुट होकर संगठित प्रयास करें तो समग्र विकास संभव है। उन्होंने सामाजिक सुधार, परंपराओं में सकारात्मक बदलाव और जरूरतमंदों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने की आवश्यकता भी बताई।

विशिष्ट अतिथि अशोक मेहता (इंदौर) ने समाज की प्रतिभाओं को मंच देने के लिए सांस्कृतिक और कलात्मक कार्यक्रमों के आयोजन पर जोर दिया। उन्होंने इंदौर की तर्ज पर “जैन सितारे” जैसे आयोजनों की आवश्यकता जताई और युवाओं के लिए शिक्षा, पर्यटन व सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देने की बात कही।

कार्यक्रम की शुरुआत भगवान महावीर स्वामी के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन के साथ हुई। मंगलाचरण एवं स्वागत गीत पूर्वा मुकुल जैन, अंकिता अतुल गांधी और श्वेता पोरवाल द्वारा प्रस्तुत किया गया। स्वागत भाषण पारसमल सोनी ने दिया, जबकि सचिवीय प्रतिवेदन सुनील मेहता ने प्रस्तुत किया। ट्रस्ट की गतिविधियों का वाचन अध्यक्ष पारस नागौरी ने किया।

इस अवसर पर समाज विकास से जुड़े प्रस्ताव सुरेंद्र पटवा और मनीष पटवा द्वारा प्रस्तुत किए गए। अतिथियों का सम्मान स्मृति चिन्ह भेंट कर किया गया। कार्यक्रम का संचालन राजेंद्र बंबोरिया ने किया तथा आभार सागरमल सहलोत ने व्यक्त किया। समारोह में समाज के अनेक गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे, जिससे आयोजन और भी गरिमामय बन गया।

Related Post