ताजासमाचार

नीमच में रियल एस्टेट गाइडलाइन बढ़ोतरी का विरोध : 30% वृद्धि पर ब्रोकर्स नाराज़, बोले—आम जनता पर पड़ेगा बोझ

न्यूज डेस्क 21 March, 2026 अन्य

नीमच। नीमच में वर्ष 2026-27 के लिए प्रस्तावित रियल एस्टेट गाइडलाइन में 30 प्रतिशत तक वृद्धि के प्रस्ताव का विरोध तेज हो गया है। नीमच रियल एस्टेट ब्रोकर्स ग्रुप ने इसे अव्यावहारिक बताते हुए संबंधित अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर वृद्धि कम करने और दावे-आपत्ति की समय सीमा बढ़ाने की मांग की है।
ब्रोकर्स ग्रुप का कहना है कि मौजूदा आर्थिक स्थिति और प्रॉपर्टी बाजार में चल रही मंदी को देखते हुए इतनी बड़ी बढ़ोतरी उचित नहीं है। पिछले 3-4 वर्षों से जमीन-जायदाद के कारोबार में गिरावट जारी है, जिससे इस क्षेत्र से जुड़े लोगों को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में 30 प्रतिशत की वृद्धि आम नागरिकों, खासकर मध्यम वर्ग के लिए बड़ा बोझ साबित होगी।
ज्ञापन में बताया गया कि जिले की कुल 1110 लोकेशन में गाइडलाइन बढ़ाने का प्रस्ताव है, जिसमें शहर की 329 लोकेशन शामिल हैं। कई जगहों पर वास्तविक बाजार मूल्य और प्रस्तावित गाइडलाइन में बड़ा अंतर देखा जा रहा है। साथ ही मुख्य मार्ग और अंदरूनी क्षेत्रों के दामों में पर्याप्त अंतर नहीं रखा गया है, जिससे असमानता की स्थिति बन सकती है।
ब्रोकर्स ग्रुप ने प्रशासन से मांग की है कि गाइडलाइन वृद्धि को अधिकतम 5 से 10 प्रतिशत तक सीमित रखा जाए, ताकि बाजार संतुलन बना रहे और आमजन पर अतिरिक्त भार न पड़े।
ग्रुप ने दावे-आपत्ति प्रस्तुत करने की समय सीमा बढ़ाने की भी मांग की है, ताकि संबंधित लोग अपने दस्तावेजों के साथ सही तरीके से अपनी बात रख सकें।
ब्रोकर्स ने सुझाव दिया कि गाइडलाइन तय करने से पहले जमीनी स्तर पर सर्वे किया जाए और विशेषज्ञों व व्यवसायियों की राय को भी शामिल किया जाए।
ग्रुप ने चेतावनी दी है कि यदि गाइडलाइन में अत्यधिक वृद्धि की गई, तो रजिस्ट्रेशन कार्य प्रभावित होगा और इससे शासन के राजस्व पर भी नकारात्मक असर पड़ सकता है।

Related Post