डेस्क न्यूज
17 February, 2026
अन्य
मनासा। नगर में सड़क किनारे बालुरेती (बजरी) के बड़े-बड़े ढेर लगाकर किए जा रहे व्यापार से दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बढ़ रहा है। इस गंभीर समस्या को लेकर मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में नगर परिषद मनासा के वार्ड क्रमांक 02 के पार्षद प्रतिनिधि एवं भाजपा नेता दिनेश राठौर ने एसडीएम किरण आंजना के समक्ष शिकायत दर्ज कराई।
राठौर ने बताया कि रामपुरा रोड से हांसपुर फंटे तक बिल्डिंग मटेरियल व्यवसायी सड़क किनारे मात्र पांच फीट दूरी पर बालुरेती खाली कर व्यापार कर रहे हैं। कई स्थानों पर एक-दो नहीं बल्कि चार से पांच बड़े ढेर लगाए गए हैं, जिससे सड़क संकरी हो रही है और आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं।
शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया कि राजस्थान से बिना रॉयल्टी के बजरी लाकर यहां बेची जा रही है, जिससे राजस्व की भी हानि हो रही है। सड़क किनारे अस्थायी अतिक्रमण के रूप में लगाए गए इन ढेरों पर अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से स्थानीय लोगों में रोष है।
बारिश के मौसम और आंधी-तूफान के दौरान रेती उड़कर वाहन चालकों की आंखों में चली जाती है, जिससे हादसों का खतरा और बढ़ जाता है। राठौर ने बताया कि इस संबंध में पूर्व में भी शिकायत की जा चुकी है, लेकिन कार्रवाई के नाम पर केवल औपचारिकता निभाई गई।
जनसुनवाई में मामले को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम किरण आंजना ने नगर परिषद मनासा के सीएमओ को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
एसडीएम किरण आंजना ने कहा - “आज जनसुनवाई में सड़क किनारे बालुरेती के बड़े-बड़े ढेरों की शिकायत प्राप्त हुई है। नगर परिषद मनासा के सीएमओ को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।”
स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन, पुलिस एवं नगर परिषद से मांग की है कि सड़क किनारे लगे बालुरेती के ढेर हटाकर आमजन को राहत दी जाए, ताकि दुर्घटनाओं पर रोक लग सके और यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे।