डेस्क न्यूज़
17 January, 2026
अन्य
नीमच/मनासा। मध्यप्रदेश में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ “जीरो टॉलरेंस” नीति के तहत पुलिस ने बड़ी और सनसनीखेज कार्रवाई को अंजाम दिया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के सख्त निर्देश और पुलिस महानिदेशक, पुलिस मुख्यालय भोपाल के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत नीमच जिले के मनासा क्षेत्र में सिंथेटिक ड्रग निर्माण से जुड़े एक बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश किया गया है।
पुलिस अधीक्षक नीमच अंकित जायसवाल के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवल सिंह सिसोदिया एवं एसडीओपी मनासा निकिता सिंह के नेतृत्व में 6 थानों और पुलिस लाइन के बल को मिलाकर कुल 10 विशेष टीमों का गठन किया गया। इन टीमों ने ग्राम खेडी दायमा में दबिश देकर सिंथेटिक ड्रग बनाने के लिए बनाए गए केमिकल भंडारण गृह पर छापा मारा।
40 लाख से अधिक का ड्रग और केमिकल जब्त
छापेमारी के दौरान पुलिस ने भारी मात्रा में सिंथेटिक ड्रग, नशीली गोलियां, डोडाचूरा, गांजा, एमडी बनाने का कच्चा माल, केमिकल, नोट गिनने की मशीन, छोटे-बड़े इलेक्ट्रॉनिक तौल कांटे और करीब 150 किलोग्राम एमडी बनाने से जुड़े महत्वपूर्ण अभिलेख जब्त किए। जब्त सामग्री की अनुमानित कीमत करीब 40 लाख रुपये बताई जा रही है।
दो आरोपी गिरफ्तार, एक फरार
पुलिस ने मौके से दो आरोपियों राहुल पिता नाथूलाल दायमा बंजारा एवं गोविन्द पिता मन्नालाल दायमा बंजारा, दोनों निवासी ग्राम खेडी दायमा, थाना मनासा को गिरफ्तार किया है। वहीं तीसरा आरोपी प्रकाश पिता किशनलाल दायमा बंजारा फरार है, जिसकी तलाश जारी है। तीनों के खिलाफ थाना मनासा में अपराध क्रमांक 31/26 धारा 8/15, 8/20, 8/22, 8/28 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना की जा रही है।
ग्रामीण क्षेत्र में चल रही थी ड्रग तैयार करने की तैयारी
पुलिस के अनुसार 16 जनवरी 2025 को फरार आरोपियों की तलाश के दौरान मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम खेडी दायमा में एक घर में सिंथेटिक ड्रग बनाने के लिए केमिकल का भंडारण किया गया है। सूचना मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी कर कार्रवाई की और यह बड़ा खुलासा सामने आया।
पुलिस टीम का सराहनीय योगदान
इस बड़ी कार्रवाई में थाना मनासा के उप निरीक्षक श्याम कुमावत, सहायक उप निरीक्षक दिलीप कलमोदिया, प्रधान आरक्षक अकीब मेव, मनोहर बैरागी, राघवेंद्र सिंह, आरक्षक कुशलपाल जाट, विनोद भाटी, पिंकेश, अंकित जोशी एवं महिला आरक्षक सपना शक्तावत का विशेष योगदान रहा।
यह कार्रवाई न केवल नीमच जिले बल्कि पूरे प्रदेश में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस की सख्त मंशा को दर्शाती है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दिया है कि मादक पदार्थों के कारोबार में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।