ताजासमाचार

“राष्ट्रीय युवा दिवस पर नीमच में ओजस्वी भाषण प्रतियोगिता: युवाओं ने दिखाया जोश और प्रेरणा”

डेस्क न्यूज 12 January, 2026 अन्य

नीमच। स्वामी विवेकानंद जयंती और राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर नीमच में भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत मेरा युवा भारत, नीमच द्वारा जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (DIET) कॉलेज में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ DIET कॉलेज की प्राचार्या  पुष्पांजलि तिवारी ने माँ सरस्वती पूजन और स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया। अपने उद्बोधन में प्राचार्या ने राष्ट्रीय युवा दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि स्वामी विवेकानंद के विचार आज भी युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने युवाओं से अनुशासन, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच अपनाकर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
भाषण प्रतियोगिता में युवाओं ने विभिन्न विषयों पर अपने ओजस्वी और सशक्त विचार प्रस्तुत किए। प्रतियोगिता में सुहानी बेरागी प्रथम, राजकुमार द्वितीय और टीना शर्मा तृतीय स्थान पर रही। विजेताओं को मेरा युवा भारत, नीमच की ओर से ट्रॉफी और प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता एवं संचालन डॉ. इन्द्रा लोहार द्वारा किया गया, जबकि कार्यक्रम की सफलता में DIET कॉलेज के समस्त स्टाफ का सहयोग सराहनीय रहा। आभार प्रदर्शन मेरा युवा भारत के मनोज सुथार ने किया। आयोजन जिला युवा अधिकारी सौरभ श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
इस प्रतियोगिता ने युवाओं में सृजनात्मकता, आत्मविश्वास और राष्ट्रभक्ति की भावना को प्रबल किया, साथ ही स्वामी विवेकानंद के आदर्शों को आत्मसात करने का संदेश भी दिया।

Related Post