ताजासमाचार

नीमच बना गांजे का गढ़ ! करोड़ों का अवैध कारोबार ध्वस्त, पुलिस के एक्शन से तस्करों में हड़कंप

डेस्क न्यूज़ 12 January, 2026 अन्य

नीमच | जिले में गांजे की अवैध खेती और नशे के बढ़ते नेटवर्क के विरुद्ध नीमच पुलिस ने अब तक की सबसे बड़ी और सख्त कार्रवाई करते हुए मादक पदार्थ तस्करों के मंसूबों पर करारा प्रहार किया है। बीते एक माह में पुलिस थाना कुकड़ेश्वर एवं रामपुरा क्षेत्र के दुर्गम पठारी और जंगली इलाकों में लगातार सर्चिंग अभियान चलाकर गांजे की अवैध खेती को जड़ से समाप्त करने की दिशा में बड़ी सफलता हासिल की गई है। इन कार्रवाइयों में कुल 2210 किलोग्राम से अधिक गांजे के हरे पौधे जप्त व नष्ट किए गए हैं, जिनकी बाजार कीमत करोड़ों रुपये आंकी गई है।

एक्शन में नीमच पुलिस कप्तान 
नीमच में नशे के खिलाफ सख्त मुहिम की कमान संभालते हुए पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल ने जिले में अवैध गांजे की खेती और तस्करी पर कड़ा प्रहार किया। उज्जैन जोन के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक और रतलाम रेंज के पुलिस महानिरीक्षक के मार्गदर्शन में, एसपी अंकित जायसवाल के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवल सिंह सिसौदिया और अनुविभागीय अधिकारी पुलिस मनासा के नेतृत्व में अनुभाग मनासा के दूरस्थ पठारी और जंगली क्षेत्रों में भारी पुलिस बल के साथ लगातार सर्चिंग अभियान चलाया गया।
ड्रोन कैमरों और सशक्त मुखबिर तंत्र की मदद से इन क्षेत्रों में अवैध गांजे की खेती की पहचान कर मौके पर ही नष्टिकरण और जप्ती की कार्रवाई कर दिखायी। एसपी अंकित जायसवाल की सख्ती और निरंतर सतर्कता ने न सिर्फ तस्करों में हड़कंप मचाया, बल्कि नीमच को नशे मुक्त जिले की दिशा में एक बड़ा कदम भी दिलाया।

कार्रवाई –1
दिनांक 05.12.2025 | पुलिस थाना कुकड़ेश्वर
ड्रोन के माध्यम से सर्चिंग के दौरान ग्राम श्योपुरिया चक्की वाला जंगल मार्ग के पास सर्वे क्रमांक 108 की भूमि पर अवैध गांजे की खेती पाई गई।
करीब 15 हजार गांजे के हरे गीले पौधे जप्त किए गए।
कुल वजन: 03 क्विंटल 25 किलोग्राम
अनुमानित कीमत: लगभग 10 लाख रुपये

कार्रवाई –2
दिनांक 22.12.2025 | पुलिस थाना कुकड़ेश्वर
आमद–रगसपुरिया (अमरगढ़) रोड के पश्चिम दिशा में कुंए वाले खेत से करीब 500 मीटर दूर पत्थर की मेड वाले खेत में दबिश।
10 हजार गांजे के हरे गीले पौधे जप्त
कुल वजन: 3.12 क्विंटल
अनुमानित कीमत: लगभग 10 लाख रुपये

कार्रवाई –3
दिनांक 25.12.2025 | पुलिस थाना कुकड़ेश्वर
ग्राम शिवपुरिया मंदिर क्षेत्र में गेहूं एवं रायड़े की फसल की आड़ में की जा रही अवैध खेती का खुलासा।
8 हजार गांजे के हरे गीले पौधे जप्त
कुल वजन: 1.28 क्विंटल
अनुमानित कीमत: लगभग 3 लाख 50 हजार रुपये

कार्रवाई –4
दिनांक 10.01.2026 | पुलिस थाना रामपुरा
मुखबिर सूचना पर ग्राम करनीखेड़ा में नाले के किनारे गेहूं–तुलसी की फसल के बीच अवैध गांजे की खेती पर कार्रवाई।
5 हजार गांजे के हरे पौधे जप्त
कुल वजन: 03 क्विंटल 20 किलोग्राम
अनुमानित कीमत: लगभग 9 लाख 50 हजार रुपये

कार्रवाई –5 (सबसे बड़ी कार्रवाई)
दिनांक 11.01.2026 | पुलिस थाना रामपुरा
मुखबिर सूचना पर ग्राम डायली के जंगल क्षेत्र में दो अलग–अलग स्थानों पर दबिश।
नाले के किनारे गेहूं, तुलसी एवं सरसों की फसलों की आड़ में की जा रही अवैध खेती से
करीब 20 हजार गांजे के हरे पौधे जप्त
कुल वजन: 11 क्विंटल 25 किलोग्राम
अनुमानित कीमत: लगभग 01 करोड़ 12 लाख 50 हजार रुपये


14 क्विंटल 45 किलोग्राम गांजा जप्त
इन पांच बड़ी कार्रवाइयों में पुलिस थाना रामपुरा द्वारा दो दिनों में ही कुल 14 क्विंटल 45 किलोग्राम गांजा जप्त किया गया, जिसकी कीमत लगभग 01 करोड़ 21 लाख रुपये है। सभी मामलों में गांजे की अवैध खेती करने वाले भू–स्वामियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों के तहत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

नीमच पुलिस की नशे पर करारी चोट ---
नीमच पुलिस द्वारा चलाया जा रहा यह सघन अभियान यह स्पष्ट संदेश देता है कि जिले में गांजे की बढ़ती गतिविधियों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ड्रोन तकनीक, मजबूत मुखबिर तंत्र और लगातार सर्चिंग के माध्यम से नशे के कारोबारियों पर शिकंजा कसता जा रहा है। पुलिस की इस कार्रवाई से न केवल तस्करों में हड़कंप मचा है, बल्कि आमजन में कानून के प्रति विश्वास और सुरक्षा की भावना भी मजबूत हुई है।

Related Post