डेस्क न्यूज़
11 January, 2026
अन्य
नीमच | थाना रामपुरा पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ गांजा उत्पादन के विरुद्ध बड़ी और प्रभावी कार्रवाई करते हुए करीब 5 हजार गांजे के हरे पौधे जप्त किए हैं। जप्त किए गए गांजे का कुल वजन लगभग 3 क्विंटल 20 किलोग्राम बताया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 9 लाख 50 हजार रुपये है।
मुख्यमंत्री मध्यप्रदेश एवं पुलिस महानिदेशक मध्यप्रदेश के निर्देशानुसार तथा पुलिस अधीक्षक नीमच अंकित जायसवाल के आदेश पर जिले में अवैध गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीमच नवल सिंह सिसोदिया एवं प्रभारी एसडीओपी मनासा निकिता सिंह के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी रामपुरा निरीक्षक विजय सागरिया के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा यह कार्रवाई की गई।
दिनांक 10.01.2026 को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम करनीखेड़ा क्षेत्र में नाले के किनारे गेहूं एवं तुलसी के खेत में अवैध रूप से गांजे की खेती की जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां नाले की ओर खेत में लगे गांजे के हरे पौधे बरामद किए गए। मौके से करीब 5 हजार गांजे के पौधे विधिवत जप्त किए गए। भूमि स्वामी अज्ञात व्यक्ति के विरुद्ध धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है।
इस कार्रवाई में निरीक्षक विजय सागरिया थाना प्रभारी रामपुरा, सहायक उप निरीक्षक नसीम अहमद, सहायक उप निरीक्षक अब्दुल अलीम, प्रधान आरक्षक 429 देवेश मालवीय, प्रधान आरक्षक 113 नितिन पुरोहित, प्रधान आरक्षक 396 प्रदीप तिवारी, आरक्षक 129 रघुवीर सिंह, आरक्षक 446 भूरसिंह डोडियार, आरक्षक 373 सुनील भुरिया, आरक्षक 597 विजय बारीवाल तथा आरक्षक चालक 93 सोनू कलोसिया की सराहनीय भूमिका रही। थाना रामपुरा पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थ तस्करों में हड़कंप मचा हुआ है।