ताजासमाचार

सेना भर्ती की तैयारी कर रहे सगरग्राम के युवाओं की पहल, भंवरासा नर्सरी की खाली भूमि पर खेल अभ्यास की अनुमति की मांग

डेस्क न्यूज 06 January, 2026 अन्य

नीमच | जिले की जीरन तहसील अंतर्गत ग्राम सगरग्राम के युवाओं ने खेल और शारीरिक अभ्यास के लिए सुविधा उपलब्ध कराने की मांग को लेकर मंगलवार को जिला कलेक्टर के नाम आवेदन प्रस्तुत किया। युवाओं ने ग्राम भंवरासा स्थित नर्सरी की खाली भूमि को क्रिकेट एवं दौड़ (रनिंग) अभ्यास के लिए उपयोग करने की अनुमति देने का आग्रह किया है।

युवाओं का कहना है कि गांव में खेलकूद एवं शारीरिक प्रशिक्षण के लिए कोई अन्य उपयुक्त मैदान उपलब्ध नहीं है। ऐसी स्थिति में नर्सरी परिसर की खाली और समतल भूमि ही उनके लिए एकमात्र विकल्प है, जहां वे पिछले कई वर्षों से नियमित रूप से क्रिकेट, दौड़ और अन्य शारीरिक गतिविधियों का अभ्यास करते आ रहे हैं। यह स्थान अभ्यास के लिए सुरक्षित और सुविधाजनक होने के कारण युवाओं के लिए बेहद उपयोगी है।

आवेदन में बताया गया कि गांव के कई युवक भारतीय सेना, अर्धसैनिक बलों एवं अन्य सुरक्षाबलों की भर्ती परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं। इन परीक्षाओं में शारीरिक दक्षता परीक्षा अत्यंत महत्वपूर्ण होती है, जिसके लिए नियमित दौड़ और अभ्यास आवश्यक है। ऐसे में यदि अभ्यास स्थल की अनुमति नहीं मिलती है, तो युवाओं की तैयारी प्रभावित हो सकती है।

ग्रामीण युवाओं ने यह भी उल्लेख किया कि खेल गतिविधियां युवाओं को नशे और सामाजिक बुराइयों से दूर रखने में सहायक होती हैं। नियमित खेल अभ्यास से न केवल शारीरिक क्षमता का विकास होता है, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच भी मजबूत होती है।

युवाओं ने जिला कलेक्टर से ग्राम और क्षेत्र के व्यापक हित को ध्यान में रखते हुए नर्सरी की खाली भूमि पर विधिवत रूप से क्रिकेट एवं दौड़ अभ्यास की अनुमति प्रदान करने की मांग की है, ताकि ग्रामीण युवाओं को खेलकूद और भर्ती परीक्षाओं की तैयारी के लिए आवश्यक सुविधा मिल सके।

Related Post