ताजासमाचार

नीमच की बेटियों का कमाल, राज्य स्तरीय महिला फुटबॉल टीम में 6 छात्राओं का चयन

डेस्क न्यूज 02 January, 2026 अन्य

नीमच | महिला खेल प्रतिभाओं के लिए गर्व का क्षण है। श्री सीताराम जाजू शासकीय कन्या महाविद्यालय, नीमच की 06 होनहार छात्राओं ने अपने उत्कृष्ट खेल प्रदर्शन के दम पर राज्य स्तरीय महिला फुटबॉल प्रतियोगिता में जगह बनाई है। यह उपलब्धि न केवल महाविद्यालय बल्कि पूरे नीमच जिले के लिए सम्मान की बात है।

गौरतलब है कि 14 नवंबर 2025 को स्वामी विवेकानंद शासकीय महाविद्यालय, नीमच में आयोजित संभाग स्तरीय महिला फुटबॉल प्रतियोगिता में नीमच जिले की टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए विजेता का खिताब अपने नाम किया था। इस ऐतिहासिक जीत में श्री सीताराम जाजू शासकीय कन्या महाविद्यालय की छात्राओं की भूमिका निर्णायक रही।

उत्कृष्ट खेल कौशल के आधार पर निकिता धाकड़, हेमलता बनौधा, सजन गुर्जर, उमा बैरागी, लक्की परवानी एवं पूनम सैनी का चयन राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया गया है। चयनित खिलाड़ी 4 से 6 जनवरी 2026 तक डॉ. अवधेश प्रताप सिंह विश्वविद्यालय, रीवा में आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय महिला फुटबॉल प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी।

खास बात यह है कि निकिता धाकड़ को राज्य स्तरीय टीम की कप्तान नियुक्त किया गया है, जो महाविद्यालय के लिए गर्व की बात है।

इस उपलब्धि पर महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. प्रतिभा कालानी सहित समस्त महाविद्यालय परिवार ने चयनित छात्राओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
उक्त जानकारी महाविद्यालय के क्रीड़ा अधिकारी डॉ. महेंद्र राव द्वारा दी गई।

Related Post