ताजासमाचार

नीमच में श्रद्धा और शौर्य का संगम: गुरु गोविंद सिंह जी का 360वां प्रकाश पर्व भव्य नगर कीर्तन के साथ मनाया गया

डेस्क न्यूज 25 December, 2025 अन्य

नीमच। देशभर के साथ-साथ नीमच शहर में भी सिखों के दसवें गुरु, श्री गुरु गोविंद सिंह जी का 360वां प्रकाश पर्व गुरुवार को गहन श्रद्धा, उल्लास और धार्मिक उत्साह के साथ मनाया गया। इस पावन अवसर पर सिख समाज द्वारा ऐतिहासिक और भव्य नगर कीर्तन का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता कर पूरे शहर को भक्तिमय बना दिया।

नगर कीर्तन के दौरान शहर का वातावरण शबद कीर्तन, गुरबाणी और “वाहेगुरु” के गगनभेदी जयकारों से गूंज उठा। नगर कीर्तन की शुरुआत प्रातः गुरुद्वारा साहिब से हुई, जो शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए पुनः गुरुद्वारा साहिब पहुँचा। संगत ने हाथों में निशान साहिब लेकर अनुशासन, मर्यादा और भक्ति भाव के साथ नगर कीर्तन में भाग लिया।

मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं, समाजसेवियों एवं विभिन्न संगठनों द्वारा पुष्पवर्षा कर नगर कीर्तन का स्वागत किया गया। संगत के लिए शीतल जल, प्रसाद एवं लंगर की व्यवस्था की गई, जिसने सेवा और सद्भाव का सुंदर संदेश दिया।

नगर कीर्तन का मुख्य आकर्षण फौज-ए-खालसा पंजाब, वीर खालसा तरनतारन (पंजाब) की गतका पार्टियों द्वारा प्रस्तुत रोमांचक और अनुशासित गतका प्रदर्शन रहा। पारंपरिक शस्त्रों के साथ किए गए करतबों ने गुरु गोविंद सिंह जी के शौर्य, साहस और खालसा परंपरा को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया। वहीं फतेह बैंड भटिंडा द्वारा प्रस्तुत धार्मिक धुनों ने श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया।

इस अवसर पर समाजसेवी अरुल अशोक अरोरा (गंगानगर) द्वारा भव्य स्वागत किया गया। उन्होंने पुष्पवर्षा कर संगत का अभिनंदन किया तथा सेवा भाव से जलपान की व्यवस्था की, जिसकी आयोजकों और श्रद्धालुओं ने मुक्तकंठ से सराहना की।

नीमच सिख समाज के अध्यक्ष हरभजन सिंह सलूजा ने बताया कि गुरु गोविंद सिंह जी के प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में यह भव्य नगर कीर्तन आयोजित किया गया है, जिसमें बाहर से आई गतका पार्टियों और बैंड ने विशेष प्रस्तुतियाँ दीं और सर्व समाज के लोगों ने सेवा में सहभागिता निभाई। वहीं सिख समाज के सचिव सतपाल सिंह छाबड़ा ने जानकारी दी कि प्रकाश पर्व के आयोजन 18 दिसंबर से प्रभात फेरियों के साथ प्रारंभ हुए थे, जो 24 दिसंबर तक चले।

नगर कीर्तन गुरुद्वारा साहिब से प्रारंभ होकर लायन्स पार्क जैन भवन रोड, टैगोर मार्ग, कमल चौक, फव्वारा चौक, बारादरी, नया बाजार, घंटाघर, तिलक मार्ग, पुस्तक बाजार, विजय टॉकीज चौराहा होते हुए पुनः गुरुद्वारा साहिब पहुँचा, जहां इसका समापन हुआ।

पूरे आयोजन के दौरान प्रशासन द्वारा सुरक्षा और यातायात व्यवस्था चाक-चौबंद रखी गई। मार्ग में ब्राह्मण समाज, कांग्रेस सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों और समाजजनों ने नगर कीर्तन का स्वागत कर सामाजिक सौहार्द और एकता का संदेश दिया।

गुरु गोविंद सिंह जी का प्रकाश पर्व नीमच में केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि शौर्य, सेवा, अनुशासन और भाईचारे का प्रेरक उत्सव बनकर उभरा।

Related Post