डेस्क न्यूज
22 December, 2025
अन्य
नीमच। कृषि उपज मंडी समिति, नीमच द्वारा नवीन (अतिरिक्त) कृषि उपज मंडी प्रांगण डुंगलावदा-चंगेरा में कृषि उपज पोस्तादाना की नीलामी आगामी 02 फरवरी 2026, सोमवार से प्रारम्भ किए जाने का प्रस्ताव किया गया है। इसे लेकर मंडी समिति ने समस्त अनुज्ञप्तिधारी खसखस केता व्यापारियों को समय रहते सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूर्ण करने के निर्देश जारी किए हैं।
मंडी समिति कार्यालय से जारी जानकारी के अनुसार वर्तमान में डुंगलावदा-चंगेरा मंडी प्रांगण में गेहूं, प्याज, लहसुन, सोयाबीन, रायड़ा, मक्का, जौ एवं ज्वार की नीलामी की जा रही है। अब इन उपजों के साथ-साथ पोस्तादाना की नीलामी भी शुरू होने जा रही है, जिससे किसानों को अपनी उपज के विक्रय में अतिरिक्त सुविधा प्राप्त होगी।
नीलामी प्रारम्भ होने की तिथि से पूर्व संबंधित सभी व्यापारियों को तौल, हम्माली, भरपाई, परिवहन एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करना अनिवार्य किया गया है। मंडी समिति ने स्पष्ट किया है कि नीलामी के पश्चात उपज की तौल, हम्माली, भरपाई एवं परिवहन की संपूर्ण जिम्मेदारी संबंधित खसखस केता व्यापारी की होगी। साथ ही कृषकों से किसी भी प्रकार का अतिरिक्त कटोत्रा नहीं किया जाएगा और किसानों को किसी भी तरह की असुविधा न हो, यह सुनिश्चित करना सभी संबंधित पक्षों की जिम्मेदारी होगी।
इस विषय में मंडी व्यापारी संघ नीमच के अध्यक्ष एवं सचिव से 16 दिसंबर 2025 को चर्चा की गई थी, जिसमें व्यापारियों की मांगों एवं सुझावों को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया। मंडी समिति ने सभी खसखस व्यापारियों से आपसी समन्वय बनाकर समय पर व्यवस्थाएं पूर्ण करने का आग्रह किया है, ताकि नीलामी प्रक्रिया सुचारू, पारदर्शी और व्यवस्थित रूप से संचालित हो सके।
मंडी समिति ने संबंधित अधिकारियों, कर्मचारियों, तुलावटियों, हम्माल संघ एवं सुरक्षा एजेंसी को भी आवश्यक निर्देश जारी करते हुए उनके पालन को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। इससे आगामी नीलामी व्यवस्था को लेकर मंडी परिसर में बेहतर प्रबंधन और किसानों के हितों की रक्षा सुनिश्चित होगी।