ताजासमाचार

नीमच रेलवे स्टेशन बनेगा आधुनिक हब !  जीएम विवेक कुमार गुप्ता ने किया संरक्षा निरीक्षण, मार्च 2026 तक रतलाम–नीमच रेलखंड होगा डबल

डेस्क न्यूज 17 December, 2025 अन्य

नीमच। बुधवार को पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक विवेक कुमार गुप्ता ने मुख्यालय के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ रतलाम मंडल के अंतर्गत चित्तौड़गढ़–नीमच–रतलाम रेलखंड का संरक्षा निरीक्षण किया। निरीक्षण के उपरांत वे नीमच रेलवे स्टेशन पहुंचे, जहां उन्होंने मीडिया से चर्चा कर स्टेशन पर चल रहे विकास कार्यों, भविष्य की योजनाओं और यात्रियों को दी जा रही सुविधाओं की जानकारी साझा की।

महाप्रबंधक विवेक कुमार गुप्ता ने कहा कि नीमच रेलवे स्टेशन पश्चिम रेलवे का एक महत्वपूर्ण स्टेशन है और यहां यात्री सुविधाओं के विस्तार के लिए निरंतर कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि स्टेशन पर प्लेटफार्म की सरफेसिंग, बुकिंग ऑफिस, सपोर्टिंग एरिया और वेटिंग हॉल को आधुनिक स्वरूप दिया गया है। इसके साथ ही यात्रियों की सुविधा के लिए नए फुट ओवर ब्रिज के निर्माण का कार्य भी प्रारंभ कर दिया गया है।

उन्होंने जानकारी दी कि फ्रेट रेलवे (माल परिवहन) पश्चिम रेलवे का एक बड़ा प्रोजेक्ट है, जिसके तहत डिटेल सर्वे कर समयबद्ध तरीके से कार्य तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है। वहीं रतलाम–नीमच रेलखंड के दोहरीकरण का कार्य भी प्रगति पर है, जिसे मार्च 2026 तक पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

महाप्रबंधक ने कहा कि भविष्य में किसी भी प्रकार का विकास कार्य अधूरा नहीं रहेगा और यात्रियों की सुविधाओं को प्राथमिकता देते हुए सभी आवश्यक कार्य पूरे किए जाएंगे। उन्होंने यह भी बताया कि नीमच रेलवे स्टेशन पर जल्द ही लिफ्ट की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगजनों और यात्रियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। इसके अलावा विभिन्न ट्रेनों के ठहराव (स्टॉपेज) और नीमच को मिलने वाली नई रेल सुविधाओं पर भी कार्य किया जा रहा है।

मीडिया से चर्चा के दौरान पत्रकारों द्वारा नयागांव स्थित हाईवे पर रेलवे क्रॉसिंग एवं फाटक के कारण सड़क यात्रियों को हो रही असुविधा का मुद्दा उठाया गया। इस पर महाप्रबंधक विवेक कुमार गुप्ता ने संबंधित विभाग को अवगत कराने और समाधान के प्रयास करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि यात्रियों और आमजन की सुविधा रेलवे की सर्वोच्च प्राथमिकता है और आने वाले समय में नीमच रेलवे स्टेशन को और अधिक आधुनिक व सुविधाजनक बनाया जाएगा।

Related Post